बरियारपुर। थाना क्षेत्र के रामपुर खुर्द निवासी एक महिला के बैंक खाते से साइबर ठगों ने दो दिनों में करीब दो लाख रुपये उड़ा लिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दो माह बाद अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता इंदू देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि छह और सात सितंबर को साइबर ठगों ने उनके बैंक खाते से चार बार में 1,99,996 रुपये की निकासी कर ली। खाते से निकासी की जानकारी उन्हें मोबाइल पर संदेश के माध्यम से मिली। पीड़िता ने तत्काल 1930 हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत की, जिसके बाद बैंक ने 99,989 रुपये की निकासी पर रोक लगा दी। हालांकि, ठग एक लाख रुपये ले जाने में सफल रहे। घटना की शिकायत इंदू देवी ने थाने में की, जिस पर पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद