देवरिया जिले में रविवार को करंट की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक लाइनमैन सहित तीन लोग झुलस गए। पहली घटना में रुद्रपुर के माहीगंज निवासी जितेंद्र निषाद 35 वर्ष, लाइनमैन हैं।
सुबह आठ बजे माहीगंज पावर हाउस के पास 11 हजार वोल्ट लाइन में आए फाल्ट को ठीक करने के लिएअपने साथ सुमित पटेल 25 वर्ष, बलराम विश्वकर्मा और जितेंद्र प्रजापति को लेकर पहुंचे थे। इसी दौरान ऊपर से गुजरे 33 हजार वोल्ट की चपेट में चारों लोग आ गए। इससे सभी गंभीर रूप से झुलस गए। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां पर सुमित पटेल को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
दूसरी घटना देसही देवरिया क्षेत्र के करज गांव में हुई। यहां पर निर्माणाधीन मोबाइल टावर पर काम कर रहे एक मजदूर की करंट की चपेट में आने से शनिवार देर रात मौत हो गई। हाटा कोतवाली (जिला देवरिया) क्षेत्र के करज गांव में एक मोबाइल कंपनी का टावर लग रहा है। उसमें खामपार थानाक्षेत्र के परोहा गांव के रहने वाले राजेश शाह (40), मजदूरी कर रहे थे। निर्माणाधीन टावर के पास से होकर गुजर रही 11 हजार हाई टेंशन तार से एक ट्रांसफार्मर में बिजली उतारी गई है। शनिवार की देर शाम उस ट्रांसफार्मर से कनेक्शन जोड़ने के प्रयास में राजेश शाह बिजली की चपेट में आ गए। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गए। यह देख वहां अफरातफरी मच गई। साथी उन्हें लेकर हाटा सीएचसी पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने राजेश शाह को मृत घोषित कर दिया।