देवरिया-सलेमपुर मार्ग पर कोतवाली क्षेत्र के सोंदा के पास मंगलवार की रात कार की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गए। उसका इलाज मेडिकल कॉलेज देवरिया में चल रहा है। घटना उस समय हुई जब बाइक सवार सड़क पार कर रहे थे।
सुरौली थाना के सुरौली के टोला छितरुआ निवासी संतोष यादव उर्फ गोपाल (40) मंगलवार की रात अपने पुत्र सचिन (16) को लेकर देवरिया रेलवे स्टेशन पहुंचाने जा रहे थे। उनके साथ बाइक पर मित्र रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के बहोरपुर निवासी उदयभान (40) पुत्र संपति भी थे।
अभी वह आईटीआई के पास सोंदा चौराहा स्थित कट पर पहुंचे, यहां वह सड़क पार कर रहे थे कि देवरिया की तरफ से तेज गति से आ रही कार ने टक्कर मार दिया, जिससे बाइक सवार तीनों लोग घायल हो गए।
राहगीरों ने घायल पिता-पुत्र सहित तीनों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उदयभान को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि प्राथमिक उपचार के बाद हालत बिगड़ती देख डॉक्टरों ने संतोष यादव उर्फ गोपाल को मेडिकल काॅलेज गोरखपुर रेफर कर दिया, वहां इलाज के दौरान बुधवार की सुबह मौत हो गई, जबकि उनके पुत्र सचिन का इलाज मेडिकल कॉलेज देवरिया में चल रहा है।
उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। मृतक संतोष यादव चार भाइयो में सबसे छोटे थे। मौत की खबर सुनते ही परिवार में चीत्कार मच गई। पत्नी रीता देवी, मां संवारी देवी, पिता बिहागड़ यादव का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक संतोष के दो पुत्र सचिन (16), भोला (10) और एक पुत्री शिल्पी (08) का भी रो-रो कर बुरा हाल है।
मृतक संतोष यादव सोंदा के पास किराए की मकान लेकर 10 वर्षों किराना की दुकान चलाते थे। वह मिलनसार स्वभाव के थे, जबकि दूसरे मृतक उदयभान रामपुर कारखाना पोस्टऑफिस में कलेक्शन का कार्य करते थे। जेल चौकी इंचार्ज विपिन यादव ने बताया कि घटनास्थल पर पुलिस गई थी। कार और बाइक को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।