ब्लॉक प्रमुख पद के चुनाव को देखते हुए पुलिस थाना क्षेत्र के बदमाशों की सूची तैयार कर रही है। सलेमपुर ब्लॉक में दो ऐसे प्रधान और एक बीडीसी बने हैं जो कोतवाली के हिस्ट्रीशीटर है। खासतौर से पुलिस की निगाह इन तीनों लोगों पर है। पुलिस अधिकांश बदमाशों के जेल में बंद होने का दावा कर रही है। बिना अनुमति साथ में असलहा लेकर घूमने वाले ब्लॉक प्रमुख प्रत्याशियों पर भी पुलिस कार्रवाई करेगी। सलेमपुर में ब्लॉक प्रमुख के चुनाव को लेकर सरगर्मी बढ़ गई है। क्षेत्र पंचायत सदस्यों पर चारो तरफ से प्रत्याशी दबाव भी बनवा रहे हैं। चर्चा है कि प्रत्याशी बीडीसी सदस्यों को मुुंह मांगी रकम भी देने को तैयार हैं। सलेमपुर में ब्लॉक प्रमुख पद का सीट सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित है। इसमें कई मजबूत प्रत्याशी चुनाव मैदान में जोर आजमा रहे हैं। इसको लेकर सलेमपुर कोतवाली पुलिस इन प्रत्याशियों के हर गतिविधियों पर नजर रख रही है। चुनाव में किसी भी प्रकार का कोई विवाद न हो इस लिए कोतवाली पुलिस हर गांव के रजिस्टर नंबर आठ का अवलोकन कर आपराधिक किस्म के लोगों की सूची बना रही है। पुलिस की मानें तो चुनाव के दौरान बिना डीएम की अनुमति के असलहा लेकर प्रत्याशियों के साथ घूमते वाले लोग पकड़े जाएंगे। पुलिस असलहे का लाइसेंस निरस्त कर उसके खिलाफ केस दर्ज करेगी। इस बाबत इंस्पेक्टर रामअवतार यादव ने बताया कि ब्लॉक प्रमुख के चुनाव को लेकर बदमाशों की सूची तैयार की जा रही है। कोतवाली क्षेत्र के जो भी लोग अपराध से ताल्लुकात रखते है उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। ताकि चुनाव के समय कोई बवाल नहीं हो। उन्होंने बताया कि ऐसे अपराधियों पर निरोधात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।