देवरिया। दो हजार रुपये के नोट बैंक में जमा करने के लिए अब केवल दो दिन शेष रह गए हैं। 30 सितंबर के बाद इनका चलन भारतीय बाजार से पूर्णतया बंद हो जाएगा। ऐसे में अगर आपके पास ऐसा कोई नोट है तो उसे दो दिन में बदल लें। भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से इन नोटों को बदलने के लिए चार माह से अधिक का समय दिया जा चुका है। इस दौरान जिले के सरकारी व निजी बैंकों के कुल 250 शाखाओं में लगभग 200 करोड़ से अधिक रुपये जमा किए जा चुके हैं।
इसी वर्ष 19 मई को आरबीआई ने दो हजार रुपये के नोट को 30 सितंबर के बाद चलन से बाहर करने की घोषणा की थी। इसके बाद 23 मई से लोगों यह सुविधा दी गई कि जिनके पास ये नोट हैं वे सभी सरकारी व निजी बैंकों में जाकर इसे बदलने की प्रक्रिया शुरू कर दें। इसके लिए अंतिम तिथि 30 सितंबर निर्धारित की गई है। शुरू में लोगों ने बैंकों में जाकर नोट बदलने में ज्यादा रुचि दिखाई। बाद में वह इस नोट को पेट्रोल पंप, मकान निर्माण के सामान की खरीदारी सहित अन्य सामानों की खरीदारी करने में खपाने लगे। इधर पिछले 15 दिनों से बैंकों में इन नोटों के जमाकर्ताओं की संख्या बेहद कम हो गई है। बाजार में भी दो हजार के नोट दिखने बंद हो गए हैं। इंडियन बैंक अंसारी रोड के शाखा प्रबंधक शशिभूषण शुक्ला ने बताया कि इधर दो हजार के नोटों के जमाकर्ताओं की संख्या कम हो गई है। जिनके पास है भी वे चीजों की खरीदारी में खर्च करने में ज्यादा यकीन कर रहे हैं।
-
हर दिन जमा नोटों की रिपोर्ट दी जाती है आरबीआई को
राघवनगर स्थित एबीआई मुख्य शाखा में 22 सितंबर को दो हजार के 414, 25 सितंबर को 132, 26 सितंबर को 409 नोट जमा हुए। यहां के प्रबंधक शैलेश कुमार राय ने बताया कि अगस्त व सितंबर के आंकड़ों को देखा जाए तो हर दिन 100 से 150 नोट जमा हुए हैं। इधर नोटों को जमा करने वालों की संख्या कम हुई है। जमा हुए नोटों की रिपोर्ट हर दिन शाम को आरबीआई को भेज दी जाती है।
नोट बदलने से ज्यादा जमा करने में दिखाई दिलचस्पी
आरबीआई ने नोट बदलने में किसी प्रकार की केवाईसी लेने से मना किया था, हालांकि कुछ बैंकों ने अपनी निजी जानकारी के लिए लोगों से केवाईसी मांगा था। जनपद में जो रुझान दिखा उसमें लोगों ने नोट बदलने से ज्यादा अपने या सगे संबंधियों के खाते में जमा करने में ज्यादा दिलचस्पी दिखाई। आरबीआई की ओर से नोट बदलने की अंतिम तिथि बढ़ाने के अब तक कोई संकेत नहीं मिले हैं। इससे यह तय है कि अगर कोई दो दिन के अंदर जमा करने से चूक जाता है तो उसके दो हजार के नोट रद्दी के सिवा कुछ नहीं रह जाएगा।
भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से दो हजार के नोट जमा किए जाने की अंतिम तिथि 30 सितंबर तक ही निर्धारित की गई है। इसे बढ़ाने के लिए कोई निर्देश नहीं आया है। ऐसे में इस अवधि के बाद बैंकों में दो हजार के नोट बदलने की प्रक्रिया बंद हो जाएगी।
...अरुणेश कुमार, प्रबंधक जिला अग्रणी बैंक