टेंपो की चपेट से बाइक सवार दो युवकों की मौत
पथरदेवा (देवरिया)। तरकुलवा थानाक्षेत्र के कंचनपुर-पथरदेवा मार्ग पर गोपालपुुर गांव के पास बृहस्पतिवार की सुबह टेंपो की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार दो युवक और टेंपो चालक घायल हो गए। बाइक सवार दोनों युवकों की मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। घायल टेंपो चालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कुशीनगर जनपद के पटहेरवा थानाक्षेत्र के जौराबाजार के टोला मन राखन निवासी प्रिंस सिंह (22) तरकुलवा थानाक्षेत्र के पथरदेवा निवासी रितिक सिंह (24) के साथ मोटरसाइकिल से जिला मुख्यालय इलाज कराने जा रहे थे। अभी वे तरकुलवा थानाक्षेत्र के कंचनपुर-पथरदेवा मार्ग पर गोपालपुर के सामने पहुंचे। सवारी लेकर पथरदेवा जा रहे टेंपो की चपेट में बाइक आ गई।
बाइक चालक प्रिंस सिंह को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां डाक्टर ने उनको मृत घोषित कर दिया। बाइक पर पीछे बैठे रितिक सिंह की हालत गंभीर देख डॉक्टर ने उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान रितिक की भी मौत हो गई। टेंपो चालक व पथरदेवा निवासी छोटेलाल का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे के बाद मौके पर भारी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित हो गए। उसके चलते सड़क पर घंटों आवागमन बाधित रहा।