तस्करी कर रामजानकी मार्ग के रास्ते पशुओं को बंगाल ले जा रहे तस्करों की ट्रक रविवार की सुबह छह बजे लार के सुकठ मोड़ पर अचानक खराब हो गई। इसके बाद तस्कर ट्रक छोड़ फरार हो गए। ट्रक के अंदर ग्रामीणों ने देखा तो क्रूरता पूर्वक गोवंश लदे थे। इसकी सूचना लोगों ने पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ट्रक को ट्रैक्टर से टोचन कर थाने लेकर पहुंची। जहां पशुओं को उतारा जा रहा है। पुलिस के मुताबिक 20 से अधिक पशु हो सकते हैं। इसके अलावा पुलिस ट्रक के नंबर से तस्करों को ट्रेस करने में जुट गई है। उधर ग्रामीण पुलिस पर गोवंश तस्करी कराने का आरोप लगा रहे हैं।
प्रभारी निरीक्षक कपिल देव चौधरी ने बताया कि गोवंश लदे ट्रक को कब्जे में लेकर पशुओ को उतरवाया जा रहा है। पशु कितने हैं इसके बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। मौके पर पशु चिकित्सक को बुलाया गया है। सीओ दीपक शुक्ला ने बताया की मामला संज्ञान में है। जल्द ही पुलिस टीम तस्करों तक पहुंच जाएगी।