सड़क हादसे में तरकुलवा थानाक्षेत्र के कैथवलिया गांव निवासी मृतक उपेंद्र मिश्र की फाइल फोटो
।पत्नी की ज्वाइनिंग कराने जा रहा था दंपति, पत्नी घायल
-प्राथमिक विद्यालय कैथवलिया की शिक्षामित्र सीमा का बिहार में शिक्षक के पद पर हुआ है चयन
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। पत्नी की ज्वाइनिंग कराने जा रहे युवक की बाइक को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया। इस हादसे में घायल युवक की गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज का दौरान मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल पत्नी का इलाज चल रहा है। घटना से खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। परिवार में चीख-पुकार मच गई।
तरकुलवा थानाक्षेत्र के कैथवलिया गांव के रहने वाले उपेंद्र मिश्र (42) पुत्र श्रीकांत मिश्र क्षेत्र के शामपुर चौराहे पर दवा की दुकान चलाते थे। पत्नी सीमा मिश्रा (35 ) गांव के प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र थीं। इस बीच पत्नी सीमा ने बिहार शिक्षक के लिए आवेदन किया था, जिसमें उनका चयन हो गया। उनकी पोस्टिंग प्राथमिक विद्यालय बेतिया में हुई है। उपेंद्र मिश्र पत्नी की ज्वाइनिंग के लिए रविवार को घर से बाइक से उन्हें लेकर बेतिया जा रहे थे, जहां सोमवार को सुबह प्राथमिक विद्यालय बेतिया में नौकरी ज्वाइन करतीं। पति-पत्नी बाइक से कुशीनगर जिले के कसया थानाक्षेत्र के बाणी पुल के पास पहुंचे थे, कि सामने से आ रहे तेज रफ्तार की ट्रक ने बाइक में सामने से टक्कर मार दिया, जिससे बाइक सवार दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस से पडरौना रवींद्र नगर धूस जिला अस्पताल भिजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उपेंद्र को बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान पति की मौत हो गई। जबकि पत्नी सीमा का इलाज रवींद्र नगर धूस जिला अस्पताल में चल रहा है। मृतक के बेटे आदित्य (8) व उदय (12) सहित परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।