जनसुनवाई पोर्टल व मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत करने पर भी नहीं हो रही सुनवाई, अफसर रिपोर्ट लगाकर मामलों से कर लेते हैं इतिश्री
भाटपाररानी। सड़क की मरम्मत और उस पर हो रहे जलभराव सेआवागमन में दिक्कतों से परेशान लोगों ने चंदा जुटाकर सड़क बनवाने की ठानी है। उनका कहना है कि जब अधिकारी, प्रतिनिधि सुनेंगे नहीं तो चंदा से सड़क का निर्माण कराया जाएगा। जनसुनवाई पोर्टल व मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत करते थक गए हैं। इसके बाद भी अधिकारी रिपोर्ट लगाकर मामलों से इतिश्री कर लेते हैं।
क्षेत्र के भवानी छापर बाजार से सिरसिया बाबू होकर बिहार को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग लोक निर्माण विभाग के तहत आता ह, यह पिछले पांच वर्षों से जर्जर स्थिति में पड़ी है। वर्ष 2019 में जर्जर सड़क की मरम्मत के लिए जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत की गई। इसके बाद कई बार जनसुनवाई पोर्टल और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर लोगों ने शिकायत की है, लेकिन अधिकारी इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। अधिकारी मौके गए बिना व शिकायतकर्ता से बिना संपर्क किए आख्या लगाकर शिकायत को निपटा दे रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों से भी इस सड़क को दुरुस्त करवाने के लिए कई बार कहा गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। वहीं हल्की बारिश में इस सड़क पर जलभराव हो जा रहा है, जिससे कई लोग गिरकर चोटिल हो गए हैं। लोगों को श्रावण मास में घुटने तक गंदे पानी से होकर मंदिर में पूजा करने जाना पड़ रहा है। कई बार चंदा इकट्ठा कर पानी निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन अब भी कोई स्थाई समाधान नहीं निकल पा रहा है। इस समस्या से परेशान होकर लोग अब चंदा इकट्ठा कर इस जर्जर सड़क की मरम्मत का मन बना लिए हैं। जय प्रकाश सिंह, शंभु सिहं, मुन्नी लाल चौरसिया, भोला संत, दिनेश बुधवार, रामध्यान, दीपक कुमार आदि का कहना है कि अधिकारी, जनप्रतिनिधि ध्यान नहीं देंगे तो मजबूर होकर हम आसपास के गांव के लोगों से भी सहयोग, चंदा लेकर सड़क को ठीक करने का काम करेंगे।
क्या कहते हैं विधायक
विधायक सभा कुंवर कुशवाहा का कहना है कि जनता भगवान है और उनका ख्याल रखना जनप्रतिनिधियों का कर्तव्य। क्षेत्र की जर्जर सड़कों पर हमारा ध्यान है और उस पर काम भी हो रहा है। इस मसले पर हमसे किसी ने संपर्क नहीं किया है। यह मामला संज्ञान में है। मैंने समाधान के लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है।