रुद्रपुर। नगर के आदर्श चौराहे पर शनिवार को परमवीर चक्र विजेता वीर अब्दुल हमीद की शहादत को याद किया गया। लोगों ने उनके चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किया। इस दौरान लोगों ने उनकी वीरगाथा का गुणगान कर शहीद अमर रहे का नारा बुलंद किया।
यूनाइटेड इद्रीशी फ्रंट की ओर से आयोजित शहीद सम्मान कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि धर्म, जाति, भाषा और संस्कृति अलग-अलग होने के बाद भी राष्ट्र के मुद्दे पर सब लोग एक साथ हो जाते हैं। परमवीर चक्र विजेता वीर अब्दुल हमीद जैसे लोग देश के लिए बलिदान देकर राष्ट्रभक्ति की अमर गाथा लिखते हैं। समाज और देश के लिए जीना ही मनुष्यता है। इस तरह का जीवन जीने वालों की बहादुरी गाथा ही हम भावी पीढ़ी को सुनाते हैं। इस अवसर पर कैसर कमाल, विजय यादव, मनमथ मणि त्रिपाठी, इद्रीश, असगर अली, डॉ. यासीन, अनवर, सोनू, चांद, सद्दीक अहमद आदि मौजूद रहे।