खुखुंदू क्षेत्र के एक गांव में बुलाने पर पहुंचे थे किन्नर
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार दोपहर को बधाई गाने पहुंचे किन्नरों पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। इसमें एक किन्नर गंभीर रूप से घायल हो गया है। जबकि तीन अन्य को हल्की-फुल्की चोटें आई हैं। मामला थाने पहुंचने पर पुलिस आरोपियों को ढूंढ़ने निकल गई। हालांकि, अभी कोई आरोपी पुलिस पकड़ में नहीं आया है।
खुखुंदू थाना क्षेत्र के एक गांव में एक परिवार के मुखिया ने बुधवार को घर पर बधाई गाने के लिए कुछ किन्नरों को बुलाया था। आरोप है कि दोपहर में जैसे ही किन्नरों का समूह दरवाजे पर बैठकर बधाई गीत गाना शुरू किया तो परिवार का एक सदस्य नशे में धुत होकर आया और कुछ लोगों के साथ मिलकर लाठी-डंडे से उनपर हमला बोल दिया।
हमले में एक किन्नर के बाएं हाथ में गंभीर चोट लग गई है। जबकि अन्य को हल्की-फुल्की चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही अन्य किन्नरों का समूह थाने पहुंच गया। इंस्पेक्टर दिलीप सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने बताया कि किन्नर बधाई गीत गाने गए थे तो उनपर हमला नहीं करना चाहिए। दोषियों के खिलाफ केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।