भाटपाररानी। विकास खंड बनकटा की मिश्रौली ग्राम पंचायत के जमनटोला गांव के उत्तर मोहल्ला में लगा 10 केवीए का विद्युत ट्रांसफाॅर्मर दस दिन से जल गया है। इससे ग्रामीण उपभोक्ता काफी परेशान हैं। इस भीषण गर्मी में कई दर्जन परिवारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गांव वालों का आरोप है कि सूचना के बाद भी विभाग बेखबर है।
जमनटोला उत्तर मोहल्ला के निवासी यूसुफ अली अंसारी, हमीद अंसारी, मुन्ना अंसारी, तैय्यब अंसारी, तबारक, रफीक, मुबारक, इमामुद्दीन, ऐनुल, नजीब, खुर्शेद, मुजीब, जैनुद्दीन आदि का कहना है कि ट्रांसफार्मर की क्षमता कम होने के कारण वह हर दो-तीन माह पर जल जा रहा है। इसकी क्षमता वृद्धि आवश्यक है। इस बार भी यह ट्रांसफाॅर्मर दस दिनों से जला हुआ है। उन्होंने कहा है कि लिखित शिकायत के बावजूद विभाग से सिर्फ आश्वासन ही मिल रहा है। लोगों ने अविलंब ट्रांसफाॅर्मर लगाए जाने की मांग की है।