जिला उद्योग कार्यालय पर स्वरोजगार उन्मुख ई-रिक्शा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन
देवरिया। मिशन शक्ति नारी स्वावलंबन के तहत शुक्रवार को जिला उद्योग कार्यालय पर स्वरोजगार उन्मुख ई-रिक्शा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें जिले के विभिन्न इलाकों से आई महिलाओं को योजना के बारे में जानकारी दी गई।
उपायुक्त खुशबू सिंह ने बताया कि विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहायता प्रदान कर महिलाओं को सशक्त व आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। इसी कड़ी में सरकार स्वरोजगार उन्मुख ई-रिक्शा प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित कर रही है। इसके तहत जिले में 500 महिलाओं को प्रशिक्षित किया जाना है।
शनिवार से 10 दिवसीय प्रशिक्षण का शुभारंभ जिला उद्योग कार्यालय पर होगा। 1.98 लाख का ई-रिक्शा क्रय करने वाली महिलाओं को विभाग की ओर से 25 प्रतिशत यानी 50 हजार रुपये का अनुदान दिया जाएगा।ड्राईविंग लाइसेंस विभाग फ्री में बनवाएगा। इस दौरान सहायक उपयुक्त अतुल पांडेय, भगवान यादव, विभा पांडेय, आशा कुशवाहा, शकीला अंसारी, पीएन जायसवाल मौजूद रहे।