रुद्रपुर। नगर के मछली मंडी में एक अनियंत्रित ट्रेलर घुसने से अफरा तफरी मच गई। गाड़ी ने सड़क के किनारे स्थित पांच दुकानों को बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया। हादसे में दुकानदार बाल-बाल बच गए। वाहन के चालक को दुकानदारों ने पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। दुकानदारों के अनुसार चालक नशे में घुत था। घटना रविवार की रात करीब 10 बजे हुई। रुद्रपुर- पिड़रा मार्ग स्थित अहलादपुर मरकड़ी गेट पर मछली मंडी लगती है, जहां हर दिन सुबह हजारों की भीड़ जुटती है। रविवार की शाम दुकानदार दुकान बंद कर चले गए, कुछ दुकानदार रखवाली के लिए बगल की दुकानों में सोते है। रात करीब दस बजे पिड़रा की तरफ एक ट्रेलर तेज रफ्तार में आई और दुकानों को तोड़ते हुए मकान से टकराने के बाद रुकी। दुकानों के परखच्चे उड़ गए। हादसे के समय क्षतिग्रस्त दुकानों में कोई सोया नहीं था। हादसे से मछली मंडी में हाहाकार मच गया, लोग किसी दुकानदार के दबने की आशंका में आनन फानन में दुकानों का मलबा हटाने लगे।