देवरिया जिले में भटनी क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 17 वर्षीय 11वीं की छात्रा को स्कूल जाते समय नगर के बाईपास रोड से मनबढ़ कार में बैठाकर ले गए। दोनों आरोपी बस्ती जिले के हरैया इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं। आरोपियों ने परिजनों को फोन कर पुलिस से शिकायत करने पर छात्रा को जान से मारने की धमकी दी है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बृहस्पतिवार को अपहरण सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।
पुलिस की शुरूआती जांच में छात्रा का एक युवक से प्रेम -प्रसंग होने की बात सामने आई है। ऐसे में पुलिस आरोपियों व अगवा छात्रा के मोबाइल की सीडीआर की जांच कर रही है। भटनी क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी एक कॉलेज में कक्षा 11 की छात्रा है। परिजनों के अनुसार वह मंगलवार सुबह स्कूल जाने को घर से निकली।
बाईपास रोड पर 115 नंबर रेलवे ढाला के आसपास कार सवार युवक छात्रा को अपने साथ ले गए। शाम को स्कूल से घर नहीं लौटने पर परेशान परिजनों ने छात्रा की सहेलियों से पूछताछ की तो दो युवकों से मोबाइल पर छात्रा की बात होने की जानकारी मिली।
परिजनों ने युवकों के मोबाइल नंबर पर फोन किया तो पहले नहीं उठा, बाद में आरोपियों की ओर से फोन करके पुलिस से शिकायत करने पर छात्रा को जान से मारने की धमकी दी गई। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने बस्ती के हरैया के रहने वाले अमर सिंह और अब्दुल रहमान पर अपहरण करने व जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक उदय शंकर कुशवाहा ने बताया कि छात्रा के पिता की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों के मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगाए गए हैं। जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।