एसपी से मिला जिला पंचायत सदस्यों का प्रतिनिधिमंडल, निष्पक्ष जांच की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जिला पंचायत सदस्य वेद प्रकाश तिवारी और उनके भाई पर दर्ज दलित उत्पीड़न के मामले को लेकर सोमवार को जिला पंचायत सदस्य लामबंद हो गए। एसपी संकल्प शर्मा से मिलकर निष्पक्ष जांच की मांग की।
जिला पंचायत सदस्यों ने वादी को ले जाकर एसपी के सामने बयान भी कराया। उसने एसपी को बताया कि तहरीर में क्या लिखा था यह जानकारी हमें नहीं थी। कुछ लोगों ने सादे पन्ने पर हस्ताक्षर करा लिया था।
निकाय चुनाव के मतदान के दिन हुए विवाद में वार्ड नंबर दो पथरदेवा से सदस्य वेद प्रकाश तिवारी व उनके बड़े भाई हृदय प्रकाश तिवारी उर्फ भोला पर तरकुलवा थाने में पुलिस ने बैरिस्टर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया था। इसको लेकर जिला पंचायत सदस्यों में आक्रोश है। पूरे मामले को फर्जी बता रहे हैं। एसपी को ज्ञापन देने पहुंचे जिला पंचायत सदस्य कमलेश पांडेय ने कहा कि सदस्य व उनके भाई के ऊपर गंभीर धाराओं में फर्जी हस्ताक्षर कराकर मुकदमा दर्ज कराया गया है। जबकि इनका घटना से कोई वास्ता नहीं है। इस दौरान बलराम यादव, नीतू सिंह, सुदामा गौड़, हरेराम यादव, रविंद्र प्रसाद, अमरजीत यादव, सूर्यभान सिंह, वीरेंद्र प्रताप यादव, उपेंद्र त्रिपाठी, नौशाद राजा, अजय यादव, श्यामू यादव, अनिल सिंह, विश्वजीत सिंह आदि मौजूद रहे।