-श्रावण के विशेष प्रीति योग में होगा महाकाल का दर्शन
-एक माह तक चलेगा दुग्धेश्वरनाथ महादेव का जलाभिषेक
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। पौराणिक महत्व का तीर्थ स्थल दुग्धेश्वर धाम में सोमवार को श्रावण मास के विशेष प्रीति योग में महाकाल का दर्शन होगा। दूसरी काशी के नाम से जानी जाने वाली रुद्रपुर नगरी मास भर हर हर महादेव के जयघोष से गूंजती रहेगी। श्रद्धालुओं के आस्था का केंद्र दुग्धेश्वरनाथ मंदिर को श्रावण मास के विशेष पूजा के लिए तैयार किया गया है। मंदिर पर आने वाले कांवड़ियों और शिवभक्तों की सुविधा और सुरक्षा का पूरा इंतजाम किया गया।
नगर पंचायत प्रशासन की ओर से मंदिर परिक्षेत्र में पथ प्रकाश की विशेष व्यवस्था की गई है। यहां कांवड़ियों के मंदिर जाने वाले मार्ग को श्रावण मास के लिए पिच सड़क बनावा दी गई। रुद्रपुर में स्थित दुग्धेश्वरनाथ का मंदिर पूर्वांचल सहित देश भर के शिवभक्तों के आस्था का केंद्र है। यहां एक माह तक शिवभक्त कांवड़ियों का जत्था रोज जलाभिषेक करता है। पवित्र सरयू नदी से जल लेकर कांवड़िए 25 किलोमीटर पैदल चल कर दुग्धेश्वरनाथ धाम पहुंचकर जलाभिषेक करते हैं। दुग्धेश्वर नाथ का मंदिर पौराणिक महत्व का मंदिर है। इसका उल्लेख पद्मपुराण में मिलता है। शिवलिंग को महाकाल के सदृश्य माना गया है।
शिवलिंग स्वयं जमीन से निकला है। यह शिवलिंग सामान्य धरातल से 22 फीट नीचे स्थित है। इस तरह का शिवलिंग जमीन में कुएं के अंदर नासिक के त्रयंबकेश्वर के अलावा कहीं नहीं देखा गया। इतिहासकार मंदिर की प्राचीनता आठवीं शताब्दी ईसा पूर्व का बताते हैं। मंदिर के महंत विजय शंकर ने कहा कि शिवभक्ताें की संख्या हर साल बढ़ती जा रही है। यहां देश के कोने-कोने से शिवभक्त श्रावण मास में आते हैं। श्रावण में शिव का रूद्राभिषेक भी चलता है। दर्शनार्थियों के ठहरने के लिए भी मंदिर प्रशासन इस बार यात्री निवास का इंतजाम कर रहा है।
-
सैकड़ों वर्ष बाद बन रहा दुर्लभ संयोग
जोतिषाचार्य पं. अनूप शुक्ला ने बताया कि इस बार श्रावण मास में सैकड़ों वर्ष बाद दुर्लभ संयोग बन रहा है। श्रावण का मास का शुभारंभ सोमवार से शुरू होकर सोमवार को समाप्त हो रहा है। यह विशेष कल्याणकारी योग है। इस बार श्रावण मास श्रावण नक्षत्र के प्रीति योग में प्रारंभ होकर श्रावण नक्षत्र के सौभाग्य योग में समाप्त हो रहा है। इस दुर्लभ योग में शिव की पूजा अर्चना करना विशेष कल्याणकारी होगा।
जगमग रोशनी से रातभर दमकता रहेगा शिवालय: छट्ठेलाल
फोटो सामाचार
रुद्रपुर। चेयरमैन प्रतिनिधि छट्ठेलाल निगम ने कहा कि विशेष श्रावण मास में दुग्धेश्वरनाथ का मंदिर जगमग रोशनी से रातभर दमकता रहेगा। नगर पंचायत प्रशासन की ओर से मंदिर को दुधिया रोशनी से प्रकाशित करने का इंतजाम किया गया है। वही मंदिर पर आने वाले कांवड़ियों के लिए पथ प्रकाश का विशेष इंतजाम किया गया है। कावड़ यात्रा के पथ पर तीन किलोमीटर पथ प्रकाश की व्यवस्था की गई।
भभौली चौराहा से लेकर दुग्धेश्वरनाथ मंदिर को जाने वाली हर सड़क पर एलइडी लाइट लगाई गई है। मंदिर परिक्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सड़क को पिच करा दिया गया है। मंदिर में सफाई व्यवस्था को दुरूस्त रखने के लिए सफाई कर्मचारियों की कई टीम लगाई गई है।