- बरियारपुर इलाके का मामला, पीड़ित ने एसपी से शिकायत की
संवाद न्यूज एजेंसी
बरियारपुर। क्षेत्र के एक मजदूर ने अपनी लापता बेटी की तलाश के लिए खेत गिरवी रखकर पुलिस को पचास हजार रुपये दिए हैं। इसके बावजूद बेटी के नहीं मिलने और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर पीड़ित ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक से मिलकर मामले की शिकायत की है। बेटी की तलाश की एवज में मजदूर से रुपये लेने की करतूत ने पूरे पुलिस महकमे को शर्मसार कर दिया है। एसपी ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच सीओ सलेमपुर को सौंपी है।
बरियारपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी 16 मई को घर से अचानक लापता हो गई। परिजनों ने गांव में पड़ताल किया, तो गांव के ही एक युवक से प्रेम-प्रसंग की बातें सामने आईं। युवक के भी गायब होने पर पीड़ित परिवार ने आरोपी युवक व उसके परिजनों के विरुद्ध थाने में केस दर्ज कराया, लेकिन पुलिस केस दर्ज कर मामले को भूल गई। कई दिनों तक कोई प्रगति नहीं से आहत पीड़ित परिवार थाने का चक्कर लगाने को विवश रहे। जुलाई में पीड़ित ने स्वयं आरोपी युवक का लोकेशन मुंबई में होने की बात बताई, तो पुलिस मुंबई जाने के लिए पचास हजार रुपये की मांग कर दी। ऐसे में अपनी बेटी की सुरक्षा को लेकर चिंतित मजदूर ने खेत गिरवी रखकर पुलिस अधिकारियों को रुपये दिए। इसके बावजूद पुलिस आरोपी को पकड़ नहीं सकी है। इससे आहत मजदूर ने इसकी शिकायत एसपी से की है।
एसपी ने सीओ सलेमपुर से मामले की जांच कर रिपोर्ट मांगी है। इस मामले में सीओ सलेमपुर ने बताया कि शिकायत मिली है, जांच की जा रही है।