नपा कर्मियों ने निकाली तिरंगा यात्रा, गूंजा भारत माता की जय
बरहज। नगरपालिका कर्मचारियों ने शहीदों के सम्मान में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर रविवार को तिरंगा यात्रा निकाली। कर्मचारियों ने हर घर पर तिरंगा लगाने और नगर को स्वच्छ रखने की अपील की। भारत माता के जयघोष से समूचा नगर गुंजायमान रहा।
ईओ चंद्रकृष्ण पांडेय के नेतृत्व में कर्मचारियों, वार्ड सदस्यों, कर्मचारियों आदि ने नगर के लोगों के साथ तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा देवरिया, पैना, तहसील, मुख्य चौक होते हुए नगरपालिका परिसर में पहुंची। आगे-आगे ढोल-नगाड़े बज रहे थे। लोग भारत माता की जय, अमरशहीदों की जय आदि नारे लगा रहे थे।
दूसरी ओर ब्लॉक प्रमुख छट्ठू यादव की अगुवाई में श्रीकृष्ण शिक्षण संस्थान और अभयानंद शिक्षण संस्थान के छात्रों ने तिरंगा यात्रा निकाली। इसमें हाथ में तिरंगा लिए छात्र और लोग देशभक्ति के नारा लगाते चल रहे थे। कुछ विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भारत माता और अमर शहीदों की झांकी निकाली। इस दौरान प्रीति तिवारी, गोविंद तिवारी, रमेश चंद्र सिंह, आनंद सिंह, मनोज गुप्त, सरवन, जोखन राम आदि मौजूद रहे।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर छात्रों ने निकाली तिरंगा रैली
बनकटा। क्षेत्र के भैसहीं गांव स्थित जीवन ज्योति पब्लिक स्कूल के छात्रों ने तिरंगा रैली निकाली। रैली स्कूल परिसर से बंजरिया, बनकटा बाजार, महुवई, इंगुरी सराय, थाना होते हुए स्टेशन परिसर पहुंची। यहां नेहा पांडेय, मुस्कान सिंह आदि छात्राओं ने राष्ट्रभक्ति से संबंधित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। प्रधानाचार्य मदन मोहन द्विवेदी ने कहा कि वर्तमान पीढ़ी को यह जानकारी होनी चाहिए कि हमें आजादी मुफ्त में नहीं मिली थी। लाखों लोगों के बलिदान के बाद हमें आजादी मिली थी। आजादी दिलाने में अपना बलिदान देने वाले अमर सेनानियों को आजादी का अमृत महोत्सव मनाकर सम्मान देने का काम किया जा रहा है। कार्यक्रम को दिलीप पांडेय, नेहा मिश्रा आदि ने भी संबोधित किया। इस दौरान नीतीश सिंह, गुड़िया, मनीषा सिंह, संजय यादव आदि मौजूद रहे।
रामपुर बुजुर्ग में तिरंगा रैली निकाल कर किया जागरूक
बनकटा/रामपुर बुजुर्ग। आजादी का अमृत महोत्सव के तहत क्षेत्र के रामपुर बुजुर्ग स्थित मदरसा मन्बउल उलूम के छात्र-छात्राओं ने रविवार को तिरंगा रैली निकाल कर लोगों को जागरूक किया। मदरसा में ध्वजारोहण के बाद निकली रैली सलेमपुर मैरवा मार्ग स्थित पेट्रोल पंप तक गई। इस दौरान प्रधानाचार्य मोहम्मद आरिफ, गनेश मिश्र, मुबारक अंसारी, ज्ञान सिंह, नथुनी प्रसाद, आलम खान, साहिना परवीन, रेहाना परवीन, शकिला खातून आदि उपस्थित रहे। वहीं क्षेत्र के मुड़घरा गांव स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्रों ने तिरंगा रैली निकाल कर क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान प्रधानाध्यापक मेंहदी हसन, शिक्षक दिलजान अंसारी, मंगला प्रसाद, शहाबुद्दीन, सुमन चौहान, एजाज अहमद, कुलसुम जहां, इमरान अंसारी आदि मौजूद रहे।
भारत माता की जय रानी लक्ष्मी बाई की जय
बघौचघाट। राजकीय महाविद्यालय की छात्राओं ने तिरंगा यात्रा के साथ प्रभात फेरी निकाली। सभी छात्राओं ने देश के वीर सपूतों के नारे लगाए।
क्षेत्र के घुड़ीकुंड कला स्थित रविंद्र किशोर शाही राजकीय महाविद्यालय की छात्राओं ने कॉलेज परिसर से तिरंगा के साथ प्रभात फेरी निकाली। छात्राओं के हाथों में तिरंगा लहरा रहा था। सभी लोग नारे लगा रहे थे। पूरा माहौल देशभक्ति मय हो गया था। कालेज में गोष्ठी हुई। इसमें ‘देश की आजादी के बाद देश की वर्तमान स्थिति’ पर छात्राओं ने भाषण दिया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सतीश उपाध्याय ने आभार जताया। इस दौरान डॉ. एकता वर्मा, काजल सिंह, सौम्या पांडेय, गरिमा गुप्ता, राधा पासवान, गौरी सिंह आदि उपस्थित रहीं।