कृषि मंत्री की अगुवाई में निकली तिरंगा जागरूकता रैली
तरकुलवा/देवरिया। नवतप्पी इंटर कॉलेज में शनिवार को आजादी के अमृत महोत्सव के तहत कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही की अगुवाई में तिरंगा जागरूकता रैली निकाली गई। उन्होंने कहा कि 11 से 17 अगस्त तक तिरंगा सप्ताह में लोगों से बढ़-चढ़कर भागीदारी की जरूरत है।
उन्होंने तिरंगा रैली के साथ स्वयं भी गांव का भ्रमण कर लोगों को अपने घर पर तिरंगा लगाने के लिए जागरूक किया। कहा कि किसी भी देश या राष्ट्र की आजादी का 75 साल पूरा होना अपने आप में गौरव की बात है। केंद्र व प्रदेश सरकार ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अभियान चलाया है। सभी नागरिकों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शिक्षाविदों, छात्र-छात्राओं, व्यापारी, नौजवानों की नैतिक जिम्मेदारी बनती है कि 11 से शुरू होकर 17 अगस्त चलने वाले कार्यक्रम में अपने घर पर झंडा लगाएं, स्वाभिमान और गौरव को ऊंचा करें। इस दौरान मंत्री ने विद्यालय परिसर में आम के पौधे लगाए।
देशभक्ति गीतों की धुन के साथ तिरंगा यात्रा रामपुर गढ़ कस्बा एवं गांव की परिक्रमा करते हुए पुन: विद्यालय परिसर पहुंची। प्रधानाचार्य शिवनाथ सिंह ने अतिथियों को अंग वस्त्र भेंट कर तथा माल्यार्पण कर स्वागत किया। उन्हें विद्यालय की स्मारिका भी भेंट की गई। कार्यक्रम का संचालन गोविंद राव ने किया। इस दौरान सीडीओ रवींद्र कुमार, सदर एसडीएम सौरव सिंह, सीओ सीटी श्रीयश त्रिपाठी, पूर्व प्रबंधक डॉ. भारतेंदु राव, प्रबंधक डॉ. विश्वेंदु प्रताप राव, प्रधानाचार्य कैप्टन शिवनाथ सिंह, भाजपा मंडल इकाई तरकुलवा के अध्यक्ष जीवन पति त्रिपाठी आदि उपस्थित रहे।
प्रदेश के कृषि मंत्री का नागरिक अभिनंदन आज
तरकुलवा/ देवरिया। नगर पंचायत घोषित कराने के लिए क्षेत्रीय विधायक एवं प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही का भाजपा मंडल इकाई तरकुलवा की ओर से नागरिक अभिनंदन किया जाएगा। छह अगस्त को दोपहर तीन बजे स्थानीय कस्बा स्थित उपडाकघर के समीप कार्यक्रम आयोजित होगा। यह जानकारी भाजपा मंडल इकाई तरकुलवा के अध्यक्ष जीवन पति त्रिपाठी ने दी है।
राष्ट्रवादी पार्टी है भाजपा : शाही
देसही देवरिया। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की बैठक शुक्रवार को पकड़ी वीर भद्र और बलटिकरा चौराहे पर हुई। मुख्य अतिथि कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने आजादी का अमृत महोत्सव मनाने के लिए कार्यकर्ताओं का आह्वान किया।
देसही देवरिया मंडल के कार्यकर्ताओं, प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों की बैठक क्षेत्र के पकड़ी वीरभद्र स्थित एक कॉलेज में हुई। मुख्य अतिथि कृषि मंत्री ने कहा कि भाजपा राष्ट्रवादी पार्टी है। देश, संस्कृति और गौरव का विकास पार्टी ने किया है। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि संजय तिवारी, कृष्णनाथ राय, अनिल श्रीवास्तव, विजय श्रीवास्तव, श्रीराम राव, प्रभुनाथ पांडेय, वीरेंद्र यादव, बांकेलाल सिंह आदि मौजूद रहे।