देवरिया। मेडिकल कॉलेज में भर्ती एक मरीज के तीमारदार और डॉक्टर मंगलवार की सुबह भिड़ गए। इस घटना का वीडियो भी वायरल हो गया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है। वहीं जूनियर डॉक्टर भी प्राचार्य और सीएमएस से मिले और दुर्व्यवहार किए जाने की शिकायत की। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। मेडिकल कॉलेज प्रशासन मामले की जांच कराने की बात कह रहा है।
महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में भटनी थाना क्षेत्र के महुरांव गांव निवासी रामनरेश राय 75 वर्ष को लेकर परिजन सोमवार को इलाज कराने अस्पताल की ओपीडी में पहुंचे, जहां मेल मेडिकल वार्ड के बेड नंबर 10 पर भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। रामनरेश राय के पुत्र मृत्युंजय राय ने तहरीर में कहा है कि उनके पिता को मंगलवार की सुबह खांसी आ रही थी। आरोप है कि वहां मौजूद जेआर डॉ. हरेराम यादव से बार-बार डस्टबिन मांगने पर भड़क गए और गार्ड को बुलाकर धक्का देते हुए गलियारे में मारा-पीटा और अपशब्दों का प्रयोग करते हुए अस्पताल से बाहर कर दिया। इस मामले में पुलिस ने मेडिकल कॉलेज पहुंच प्राचार्य से वार्ता की। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
उधर, जूनियर रेजिडेंट भी प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार बरनवाल से मिले और शिकायत की। शिकायती पत्र में कहा गया है कि वार्ड में भर्ती मरीज रामनरेश का एक तीमारदार शराब के नशे में मंगलवार की सुबह करीब 8:10 बजे ड्यूटी पर तैनात महिला स्टाफ के साथ अभद्र बर्ताव कर रहा था। वह बार-बार आकर परेशान करने की नीयत से किसी न किसी बात को लेकर उनसे उलझ जा रहा था। वहां तैनात डॉक्टर के मना करने पर मारने-पीटने की धमकी और नौकरी से बाहर करवाने की बात कहते हुए अपशब्द कहने लगा। साथ ही गिरेबान पकड़ कर कुर्सी से धक्का दे दिया। इस पर नोकझोंक होने लगी। इस बीच सुरक्षा गार्ड को बुलाकर काफी मशक्कत के बाद बाहर कराया गया।
-
तीन सदस्यीय टीम करेगी जांच
- मामले की किसी ने शिकायत नहीं की है, लेकिन सूचना मिली है। प्राचार्य के निर्देश पर तीन सदस्यीय टीम गठित कर मामले की जांच कराई जाएगी। इसमें दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. एचके मिश्रा, सीएमएस
मरीज के तीमारदार की तरफ से तहरीर मिलने के बाद मौके पर गया था। जांच की जा रही है, जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कपिलदेव चौधरी, कोतवाल