बरहज के धौला पंडित में पुरोहित की हत्या की गुत्थी को सुलझाते हुए पुलिस ने रविवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों ने चोरी करते पकड़े जाने पर कार्रवाई की भय से पेचकस से गोद कर पुरोहित की हत्या की थी।
घटना का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त पेचकस, मृतक का 860 रुपये नकद, आधार, पैन, स्वास्थ्य बीमा कार्ड, एटीएम कार्ड समेत तीन मोबाइल फोन बरामद कर जब्त कर लिया गया हैं।
जानकारी के अनुसार, 15 जुलाई को पुरोहित धौला पंडित निवासी रामआशीष पांडेय की हत्या कर दी गई थी। पोस्टमार्टम में रामआशीष के शरीर पर दस जगह गोदने के निशान मिले थे। इसके बाद बरहज पुलिस व एसओजी इस मामले के उद्भेदन में जुट गई थी। पुलिस ने पुरोहित की पुत्री उषा देवी की तहरीर पर केस दर्ज कर जांच पड़ताल में जुट गई। इसके बाद फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड व सर्विलांस टीम की मदद से सुराग जुटाई।
रगड़गंज लवरक्षी रेलवे क्रॉसिंग के पास से तीनों को किया गिरफ्तार
इसके बाद धौला पंडित निवासी तीन युवक सन्नी, अमित कुमार व भोलू कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों को रविवार की सुबह रगड़गंज लवरक्षी रेलवे क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में तीनों ने बताया कि वे 13 जुलाई की रात चोरी के इरादे से रामआशीष पांडेय के घर में घुसे थे और बक्सा खोलकर पैसे व दस्तावेज चुरा ही रहे थे कि रामआशीष पांडेय जाग गए।
पकड़े जाने के डर से तीनों ने वहीं पास में रखा पेचकस उठाकर उनके पेट में वार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद वे शव को दूसरे कमरे में लिटाकर मौके से भाग निकले।
रेलवे अंडरपास के पास पेड़ के बीच छिपाया था पेचकस
तीनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पेचकस बरामद कर लिया। आरोपियों ने हत्या के बाद सतरांव-पैना मार्ग स्थित रेलवे अंडरपास के पास पेचकस को पेड़ के बीच में छिपा कर रखा था। इस मामले में पुलिस ने आगे की विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। एसपी विक्रांत वीर ने हत्याकांड का खुलासा करने पर बरहज थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम को सराहना व्यक्त की है