हिस्ट्रीशीटर बृजेश हत्याकांड का मामला, सिर कूंचकर की गई थी हत्या
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। लार थाने का हिस्ट्रीशीटर बृजेश सिंह हत्याकांड के खुलासे के करीब पुलिस पहुंच चुकी है। घटना को तीन शातिर बदमाशों ने अंजाम दिया था। पुलिस यह जानने में जुटी हुई है कि घटना का कारण क्या है। एक बदमाश पुलिस की हिरासत में है। जबकि दो अन्य की पुलिस तलाश कर रही है।
लार कस्बा के बौली वार्ड निवासी बृजेश सिंह का शव रविवार को तुर्तीपार रेलवे स्टेशन परिसर से मिला था। हिस्ट्रीशीटर बृजेश की हत्या सिर कूंच कर की गई थी। सोमवार को पहचान होने के बाद एसपी ने एसओजी और अन्य पुलिस कर्मियों को खुलासे के लिए लगाया। पुलिस सूत्रों की बातों पर गौर किया जाए तो बृजेश सिंह की हत्या में तीन बदमाश शामिल हैं। जिसके खिलाफ पुलिस रिकार्ड में पहले से ही कई मुकदमे दर्ज हैं। मंगलवार को पुलिस ने एक बदमाश को हिरासत में लेकर पूछताछ किया तो घटना में अहम सुराग मिल गया। उसने एक बदमाश का नाम बताया है। जिसने बृजेश के सिर पर ईंट से प्रहार कर हत्या की है। सभी बदमाश पुलिस के हाथ नहीं लग पाए हैं, इस कारण पुलिस अभी खुलासा नहीं करना चाहती है। पुलिस के अफसरों को भरोसा है कि घटना में मिले अहम सुराग के जरिए जल्द ही बृजेश के कातिल तक पुलिस पहुंच जाएगी। कारण के बारे में अभी पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है। पुलिस दो बिंदु आशनाई और आपसी विवाद को केंद्र में मानकर जांच का दायरा बढ़ा रही है। पुलिस को कहीं से भनक लगी है कि हिस्ट्रीशीटर ने खाने-पीने के दौरान अपने कुछ साथियों से नोंकझोक कर लिया था। इसको लेकर भी विवाद हो सकता है, क्योंकि जिन बदमाशों का नाम सामने आ रहा है वह घटना के दिन बृजेश के पास देर रात तक मौजूद रहे हैं। इससे पुलिस का शक विश्वास में बदलता जा रहा है।
- कोट: हिस्ट्रीशीटर की हत्या के मामले में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। बहुत जल्द घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
संकल्प शर्मा, एसपी