25 जूून को होगा मतदान, निर्वाचन की समय सारिणी तैयार
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जिला योजना समिति में नगर निकायों के जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी(जिला योजना समिति) अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि नगरीय निकायों के निर्वाचित सदस्यों में से जिला योजना समिति के लिए वर्गवार अनारक्षित वर्ग शून्य, अनारक्षित वर्ग (महिला) एक, अनुसूचित जाति एक, अनुसूचित जाति (महिला) शून्य, अन्य पिछड़ा वर्ग एक, अन्य पिछड़ा वर्ग (महिला) शून्य के लिए निर्धारित संख्या में सदस्यों को निर्वाचित किया जाना है। इसके लिए समय सारिणी निर्गत कर दी गई है। जिला मजिस्ट्रेट ने जिला कार्यक्रम अधिकारी कृष्ण कांत राय तथा चकबंदी अधिकारी पंकज कुमार को सहायक निर्वाचन अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी अनिल सोनकर को आरक्षित सहायक निर्वाचन अधिकारी नामित किया है। नाम निर्देशन पत्र जिला मजिस्ट्रेट या जिला मजिस्ट्रेट की ओर से नियुक्त सहायक निर्वाचन अधिकारी को अपर उप जिलाधिकारी के न्यायालय कक्ष में 17 जून को पूर्वांह्न 11 बजे से अपराह्न चार बजे तक दिया जा सकता है। नाम निर्देशन पत्रों की जांच अपर उप जिलाधिकारी, के न्यायालय कक्ष में 17 जून को अपराह्न चार बजे से कार्य समाप्ति तक होगा। यदि कोई उम्मीदवार अपनी उम्मीदवारी वापस लेना चाहता है तो वह 21 जून को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक स्वयं उपस्थित होकर वापस ले सकता है। मतदान 25 जून को पूर्वाह्न आठ बजे से अपराह्न तीन बजे के बीच होगा। मतगणना 25 जून को अपराह्न तीन बजे से कार्य समाप्ति तक की जाएगी।