तरकुलवा (देवरिया)। देवरिया-कसया मार्ग पर बालपुर श्रीनगर चौराहे के समीप बृहस्पतिवार की रात पिकअप और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। दोनों वाहन चालक सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कुशीनगर जनपद के कसया थाना क्षेत्र के सबया गांव निवासी विनोद मणि त्रिपाठी कार से बृहस्पतिवार की रात कसया से देवरिया की ओर जा रहे थे। अभी वह थाना क्षेत्र के बालपुर श्रीनगर चौराहे के समीप पहुंचे थे कि मऊ से सामान लेकर कसया मंडी जा रही एक पिकअप से आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप चालक चंद्रकांत यादव, कार चालक प्रदीप व विनोद मणि त्रिपाठी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। एसओ मृत्युंजय राय ने बताया कि हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं। संवाद