रामपुर कारखाना, सुरौली और लार थाना क्षेत्र में हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक विवाहिता सहित तीन ने फंदा लगा कर जान दे दी। विवाहिता की मौत के मामले में मायके वालों का आरोप है कि ससुराल के लोग दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। इससे आजिज आकर उसने जान दे दी है।
पहली घटना रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के बलियवां गांव में रविवार की देर शाम हुई। इसमें महुआडीह थानाक्षेत्र के बेलवा बाजार गांव के रहने वाले कमलेश गुप्ता ने अपनी बेटी अर्चना (22) की शादी रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के बलियवां गांव के रहने वाले अभय कुमार से 11 मई को बड़े धूमधाम से की थी। रविवार की देर शाम अर्चना ने अपने घर में पंखे की कुंडी से संदिग्ध हालात में लटककर अपनी जान दे दी। इस बात की जानकारी होते ही घर में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की। अर्चना के पिता कमलेश गुप्ता ने पुलिस से आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को ससुराल वाले लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। इसी वजह से उसने आत्महत्या की है।
एसओ नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि अर्चना ने घर में कुंडे से फंदा लगाकर आत्महत्या की है। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पिता कमलेश गुप्ता ने ससुराल वालों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। जबकि दूसरी घटना सुरौली थाना क्षेत्र के रोहुआर धीरजन के रहने वाले कृष्णा चौहान (18) पुत्र केदार नाथ को किसी बात को लेकर शनिवार को परिजनों ने युवक को डांट दिया। परिजनों की बातों से आहत होकर देर रात को कमरे में पंखे की कुंडी में रस्सी के सहारे फंदा लगाकर जान दे दी। परिवार के लोग कमरे में गए तो युवक को पंखे के कुंडे से लटका देखकर दंग रह गए। परिजनों की शोर सुनकर आस पास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी।
तीसरी घटना में लार थाना क्षेत्र के रोपन छपरा गांव के रहने वाले कृष्णा साहनी (35) पुत्र राम मूरत साहनी ने गांव के समीप एक बगीचे में फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारा। परिजनों ने पुलिस से पोस्टमार्टम नहीं कराने की मांग की। जिस पर पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया। पत्नी रिंकू देवी सहित बच्चों का रो रोकर बुरा हाल था।