जिले में मिले डेंगू के तीन संदिग्ध मरीज
आइसोलेशन वार्ड में भर्ती चार मरीजों का चल रहा इलाज
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। डेंगू का प्रकोप बढ़ रहा है। प्रतिदिन मरीज सामने आ रहे हैं। तीन संदिग्ध मरीज मिले हैं। जिनका मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। उनके ब्लड के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। इस समय अस्पताल में डेंगू के चार मरीजों का उपचार चल रहा है।
जनपद में डेंगू बढ़ रहा है। शहर के मोहल्लों के अलावा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मरीज मिल रहे हैं। वहीं, गैर जिले तथा प्रांत से आने वाले लोग भी पीड़ित मिल रहे हैं। विकास खंड रामपुर कारखाना क्षेत्र के का एक युवक दो सप्ताह से बुखार, शरीर व सिर दर्द से पीड़ित है। उसने प्राइवेट में इलाज कराया, लेकिन आराम नहीं मिला। इसके बाद बुधवार को जिला अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचा, जहां भर्ती कर इलाज शुरू हुआ। इसके बाद आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया।
वहीं, बिहार प्रांत के विजयीपुर क्षेत्र का एक व्यक्ति दस दिन से बुखार, शरीर दर्द से पीड़ित है। उसे कमजोरी भी है। प्राइवेट में दवा कराने पर आराम नहीं मिला। इसके बाद परिजन उसने लेकर बुधवार को इमरजेंसी पहुंचे, जहां लक्षण के आधार पर उसे आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया गया।
उधर, बघौचघाट क्षेत्र के एक व्यक्ति शहर के एक मोहल्ले में मकान बनवाकर रहते हैं। वह एक सप्ताह से बुखार, शरीर व सिर दर्द से पीड़ित हैं। प्राइवेट में दवा लिए, लेकिन कमजोरी महसूस होने के कारण वह बुधवार को अस्पताल के ओपीडी में पहुंचे, जहां परीक्षण के बाद लक्षण के आधार पर चिकित्सक ने आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर दिया।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एचके मिश्रा ने बताया कि डेंगू के मरीजों के इलाज के लिए अस्पताल में व्यवस्था की गई है। यहां बेड, दवा व जांच की निशुल्क सुविधा है।