सलेमपुर। कोतवाली क्षेत्र के चकमुकाम अली गांव के एक शख्स की जमीन से अवैध खनन कर मिट्टी बेचने के मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने तीन सगे भाइयों पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। गांव निवासी महमूद आलम ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि उनकी जमीन से पटीदार कलाम अहमद, समीउल्लाह और सफीउल्लाह ने अवैध तरीके से मिट्टी की खोदाई कर बिक्री की है। मामला 16 मई 2025 का है। पीड़ित के अनुसार, मामले की शिकायत एसडीएम से लेकर खनन विभाग तक की गई थी। जांच में मिट्टी निकाले जाने की पुष्टि भी हुई। इसके बावजूद पुलिस ने आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज नहीं की। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने सलेमपुर पुलिस को सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना करने का आदेश दिया है। कोतवाल दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है।