बुजुर्ग के हत्या के तीन आरोपितों को जेल भेजने के लिए कोतवाली से ले जाती पुलिस
तीन दिन पूर्व संपत्ति बंटवारे के लिए बेटे ने परिवार के लोगों के साथ मिलकर पिता की थी हत्या
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। बुजुर्ग पिता की हत्या करने वाले पुत्र सहित तीन आरोपियों को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। जबकि एक महिला आरोपी फरार चल रही है। तीन दिन पूर्व संपत्ति बंटवारे के लिए बेटे ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर पिता की गड़ासे से वार कर हत्या कर दी थी।
कोतवाली थाना क्षेत्र के ठेंगवल दूबे गांव के हरिवंश दूबे की 19 मई की रात करीब 12 बजे उनके दूसरे नंबर के बेटे मनोज दूबे ने अपने बेटे अमन दूबे, गांव के बगल के धनगड़ा गांव निवासी राजन दूबे और अपनी पत्नी अंजू देवी के साथ मिलकर पिता पर गड़ासे से हमला कर मौत के घाट उतार दिया था। काफी दिनों से संपत्ति बंटवारे को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था। रविवार को मृतक के पौत्र अमित दूबे की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मृतक के मझले बेटे मनोज दूबे, बहू अंजू देवी, पुत्र अमन दूबे व बगल के धनगड़ा गांव निवासी राजन दूबे समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया था। सोमवार की सुबह कोतवाली पुलिस मेडिकल परीक्षण के बाद तीनों आरोपियों को जेल भेज दी। कोतवाल गोपाल पांडेय ने बताया कि चार आरोपियों में से तीन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। एक महिला व कुछ अज्ञात लोग फरार चल रहे हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।