संवाद न्यूज एजेंसी
तरकुलवा। थाना क्षेत्र के शहीद रामचन्द्र इंटर कॉलेज बसंतपुर धूसी के प्रधानाचार्य से रंगदारी मांगने व जानमाल की धमकी देने के मामले फरार चल रहे आरोपी आरटीई कार्यकर्ता ने न्यायालय में सरेंडर कर दिया। जहां से कोर्ट ने उसे पुलिस अभिरक्षा में जेल भेज दिया।
नगर पंचायत के तरकुलवा गांव के पक्कखन टोला निवासी कथित आरटीई कार्यकर्ता धर्मराज यादव पर बसंतपुर धूसी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य से हर महीने आठ से दस हज़ार रुपये रंगदारी मांगने व जानमाल की धमकी तथा 20 हज़ार रुपये रंगदारी वसूल लेने के आरोप में एसपी के आदेश पर 21 दिसंबर 2023 को केस दर्ज किया था। इस मामले में आरोपी काफी दिनों से फरार चल रहा था।
न्यायालय में हाजिर न होने पर उसके खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी हुआ था। इसके बाद भी जब वह हाजिर नहीं हुआ तो कोर्ट ने उसके खिलाफ 22 मार्च 2024 को कुर्की का नोटिस जारी किया। कोर्ट के निर्देश पर स्थानीय पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई कर उसके घर पर नोटिस चस्पा किया था।
इधर, गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने हाईकोर्ट में स्थगन याचिका दायर की थी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया और अविलंब सरेंडर के निर्देश जारी किए।
पुलिस के अनुसार, इसके पूर्व में आरोपी पर छेड़खानी और एससी-एसटी एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज है। इसमें पुलिस को उसकी तलाश थी। इंस्पेक्टर रणजीत सिंह ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तारी के लिए दी जा रही लगातार दबिश से भयभीत होकर अभियुक्त धर्मराज यादव ने 3 मई को जनपद न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। सीओ संजय रेड्डी ने बताया कि रंगदारी मांगने व जानमाल की धमकी के आरोपी ने कोर्ट में सरेंडर किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।