गले मिल दी ईद की मुबारकबाद, अकीदत के साथ अदा की नमाज
- मुस्लिम मोहल्लों में दिखी रौनक, नए परिधानों में नजर आए बच्चे व युवतियां
- ईदगाहों व मस्जिदों पर रही सुरक्षा व्यवस्था, तहसील चौक से स्टेशन रोड पर डटे रहे पुलिसकर्मी
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जिले में शनिवार को ईद उल्लासपूर्ण माहौल में मनाई गई। सुबह में ही ईदगाहों एवं मस्जिदों में अकीदत के साथ रोजेदारों ने नमाज अदा की और मुल्क के सलामती की दुआ की। इसके बाद गले मिलकर सभी ने एक-दूसरे को मुबारकबाद दिया। नमाज के बाद बाहर इंतजार कर रहे गरीबों में लोगों ने दान भी किया।
भोर से ही शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के मुस्लिम मोहल्लों व टोलों में समाज के लोग ईद की तैयारियों में जुट गए। पर्व के चलते शहर से लेकर देहात तक के मोहल्लों में साफ-सफाई व चहल-पहल दिखी। नए कपड़ों में महिला-पुरुष व बच्चे खुश नजर आए। शहर के मालवीय रोड स्थित ईदगाह पर सुबह सात बजे जामा मस्जिद के इमाम अशफाक अहमद काशमी, जामा मस्जिद अबूबकरनगर में साढ़े सात बजे, बांस देवरिया में इमाम अहमद रजा, भुजौली स्थित मजिस्द में सुबह 7:15 बजे, न्यू काॅलोनी में सुबह सात बजे हाफिज तबरेज आलम, छोटी मस्जिद अबूबकरनगर में सात बजे सहित अन्य मस्जिदों में वहां के पेश इमाम ने ईद की नमाज अदा कराई। अंजुमन इस्लामिया ईदगाह के सामने ईद की नमाज के बाद डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह, एसपी संकल्प शर्मा, एसडीएम सदर सौरभ सिंह, सीओ सिटी डॉ.श्रीयश त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारियों ने रोजेदारों को पर्व की बधाई दी। इस मौके पर बच्चों को चिप्स, कुरकुरे के पैकेट सहित अन्य उपहार भी बांटे। अंजुमन इस्लामिया कमेटी के अध्यक्ष मो.जलालुद्दीन ने अन्य सदस्यों के साथ अधिकारियों को बुके भेंट की।
बघौचघाट। ईद के मुबारक मौके पर क्षेत्र के मुश्लिम भाइयों ने विभिन्न ईदगाहों व बड़ी मस्जिदों में ईद की विशेष नमाज अदा कर अल्लाह से देश की सलामती की दुआ मांगी। रामपुर महुआबारी के ईदगाहों में हरफोडा, महुआबारी,रामपुर और बेलमहा के हजारों मुस्लिम भाइयो ने प्रेम पूर्वक एक साथ नमाज अदा कर अल्लाह से देश की खुशहाली की दुआ मांगी। इसी प्रकार मेहाहर हंगपुर, सेमरी, मोतीपुर, बेलवनिया, अमरपुर, बघौचघाट, कोटवांमिश्र, मलवाबर, बनरही, तिरमासहुन, बसडीला मैनुद्दीन, बजरिया, पथरदेवा, विशुनपुरा आदि गांवों में भी ईद की विशेष नमाज अदा की गई।
-
गर्मजोशी से किया मेहमानों का स्वागत
नगर पालिका और नगर पंचायतों की ओर से मुस्लिम मोहल्लों की सड़कों, गलियों, ईदगाह, मस्जिदों के सामने विशेष साफ-सफाई अभियान व चूने का छिड़काव कराया गया था। इस मौके पर ईदी भी दी गई। घरों में महिलाओं ने सेवइयां, जर्दा फुलौरी, चिप्स और छोला सहित अन्य लजीज व्यंजन तैयार किए थे। देर शाम तक मेहमानों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया और उन्हें विभिन्न प्रकार के व्यंजन भी खिलाए गए।
सज धज कर पहुंचे बच्चे, सोशल मीडिया पर अपलोड किया फोटो
ईदगाहों पर छोटे बच्चे भी अपने परिजनों के साथ सजधज कर नमाज अदा करने पहुंचे। युवाओं और बच्चों ने खूब फोटो खिंचवाई। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर अपलोड कर ईद की मुबारकबाद भी दी।
-
एक-दूसरे के दर्द को समझना चाहिए
सलेमपुर/लार। सलेमपुर के हरैया ईदगाह में नमाज अदा कर मुल्क की सलामती की दुआ मांगी गई। नवलपुर, मझौलीराज, बालेपुर, चेरो आदि मस्जिदों में नमाज अदा की गई। लार के मुख्य बाजार स्थित बड़ी ईदगाह पर सुबह सात बजे पेश इमाम मसूदजमा ने नमाज अदा कराई। इसके बाद लोगों ने देश की खुशहाली तथा अमन शांति के लिए दुआ की। तकरीर में पेश इमाम ने कहा कि हमें एक दूसरे के दर्द को समझना चाहिए। अल्लाह से सभी हिंदुस्तानियों के लिए दुआ करनी चाहिए। ऐसा कोई काम न करें, जिससे किसी की भावनाएं आहत हो। नदौली स्थित ईदगाह में पेश इमाम मौलाना एनायतुल्लाह अशर्फी ने नमाज अदा कराई। उन्होंने कहा कि मुल्क में भाई चारा बना रहे। इसके लिए हम सभी को आपस में मोहब्बत से रहना चाहिए। पश्चिम बाग ईदगाह, रामनगर की बड़ी ईदगाह, मटियारा ईदगाह, पिंडी ईदगाह, गढ़वा खास ईदगाह, चटियां ईदगाह में नमाज अदा की गई। मेहरौना, पटना सहित कई जगहों पर ईद की नमाज अदा की गई। एहतियात के तौर पर मस्जिदों और ईदगाहों के पास पुलिस बल तैनात रहा। नमाज अदा कर निकले लोगों ने एक दूसरे के घर पहुंचकर सेवइयां और लजीज व्यंजन का लुत्फ उठाया। यह सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। त्योहारी के रूप में बड़ों ने छोटे बच्चों को ईदी के रूप में उपहार भेंट किया। बच्चों ने मेले का भी लुत्फ उठाया।
पीएसी रही तैनात, रूट रहा डायवर्ट
लार। ईद की नमाज के दौरान ईदगाह पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पीएसी व पुलिस के जवान मुस्तैद रहे। एसडीएम अरुण कुमार वर्मा, सीओ देव आनंद ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने सभी को ईद की बधाई दी। इसके अलावा नमाज के दौरान किसी को असुविधा ना हो, इसके लिए रूट डायवर्ट किया गया था। इधर, से गुजरने वाले वाहन चनुकी मोड़ और बाईपास मार्ग से होकर कस्बे के बाहर से गुजरे।
मईल में भी धूमधाम से मनी ईद
मईल। क्षेत्र में ईद उल-फितर के मौके पर मुसलमान भाइयों ने हर्षोल्लास के साथ ईदगाहों व मस्जिदों में सामूहिक नमाज अदा करते हुए खुदा का शुक्र अदा किया। उन्होंने नमाज में देश की बेहतरी के लिए दुआएं मांगी। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक सभी ने नये कपड़े व रंगबिरंगी टोपियों में सजे हुए ईदगाह में नमाज के बाद एक दूसरे के गले मिलकर ईद की बधाई दी। नमाज के बाद सामूहिक रूप से खैर व आफियत, अपने गुनाहों से माफी, जहन्नुम से बचाव तथा आपसी भाईचारे व सामाजिक सौहार्द तथा विश्व शांति के लिए सामूहिक दुआ की गई। एक दूसरे को अपने घर बुलाकर सेवईं खिलाई गई। क्षेत्र के मईल, तेलिया कला, पनिका, अंडिला, अकुबा, नरियावं, भटौली, बगही, पिपरा बांध, कुड़वली, धरमेर, भागलपुर आदि मस्जिदों में नमाजियों ने नमाज अदा की। एसओ संदीप कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल जगह-जगह तैनात रहा।
गले मिल दी मुबारकबाद
कंचनपुर। तरकुलवा क्षेत्र में शनिवार भोर से ही ईद की तैयारी में लोग जुट गए। कस्बों से लेकर गांवों तक खुशनुमा माहौल रहा, ईद के चलते हर तरफ चहल-पहल रही। महिला, पुरुष और बच्चे नए कपड़ों में नजर आए। तरकुलवा दुबे टोला बड़ी मस्जिद, सोन्हुला रामनगर, मुंडेरा बाबू, कंचनपुर, सिरसिया गोठा, पोखर भिंडा, बंजरिया, बाबूपट्टी, सीतापट्टी, कौलाचक, नारायनपुर, महुआपाटन, हरैया, जमुनी, मठिया रत्ती गांवों के मस्जिदों में वहां के पेश इमाम ने ईद की नमाज अदा कराई। इस दौरान शांति व्यवस्था के मद्देनजर एसएचओ दिलीप सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी पेट्रोलिंग करते दिखे।
ईदगाह में अदा हुई नमाज
रुद्रपुर। ईद उल फितर की नमाज शनिवार को नगर सहित क्षेत्र में खुशनुमा माहौल में पढ़ी गई। नगर के जामुनी चौराहा स्थित ईदगाह में लोगों ने नमाज अदा कर मुल्क में अमन शांति की दुआं मांगी। इस दौरान लोगों ने एक दूसरे को गले लगाकर ईद की बधाई दी। ईदगाह पर नमाज अदा करने के लिए सुबह नगर के लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। कर्बला के अंदर जगह कम पड़ जाने पर कुछ लोगों को छतों पर नमाज पढ़ना पढ़ा। मौलाना ने नमाज अदा कराने से पहले रमजान की खुबियों के बारे में बताया। मलहटोली वार्ड, मदनपुर, गाजीपुर भैंसही, पचमा, ईश्वरपुरा, नरायनपुरा, पकड़ी बाजार के बरडीहा अली में परंपरागत तरीके से ईद का त्योहार मनाया गया।
ईदगाह की चौखट पर प्रत्याशियों की भ़ीड़
रुद्रपुर। नगर निकाय चुनाव में जीत पाने के लिए हर चौखट तक प्रत्याशी पहुंच रहे हैं। शनिवार को ईद पर नमाजियों की भीड़ को देखते हुए हर प्रत्याशी कर्बला की चौखट पर पहुंचे। नमाज अदा कर बाहर निकल रहे लोगों को गले लगाने की होड़ मची रही। सपा, बसपा, कांग्रेस, सुभासपा, एनसीपी, आप के चेयरमैन प्रत्याशियों के अलावा भाजपा के सभासद सहित अन्य दलों के सभासद प्रत्याशी भी कर्बला पहुंचे। इस दौरान जामुनी चौराहा से लेकर सेमरौना चौराहे तक जाम लग गया।
-
देश में खुशहाली की कामना
भाटपाररानी। रमजान माह खत्म होने के बाद शनिवार को नगर व क्षेत्र में अकीदत के साथ ईद की नमाज अदा की गई और मुल्क की सलामती की दुआएं मांगी गई। नगर स्थित जामा मस्जिद में मौलाना अहमद हुसैन, भोपतपुरा स्थित खेल के मैदान में मौलाना महमूद आलम कादरी ने, भवानी छापर में मौलाना अली अख्तर, भिंगारी बाजार में मौलाना अयूब, चुपवा में मौलाना अबूनशर, जमन टोला में मौलाना नसीम, रहीमपुर में मौलाना रफीक, कड़सरवा बुजुर्ग में मौलाना मंजर खान, भैंसहीं में मौलाना गुलाम रब्बानी, बहोरवा में मौलाना अर्से आलम निजामी, हाता में मौलाना अनवर अली, गोबरही में मौलाना तसव्वार, खेमीपुर में हाफिज रहमतुल्लाह ने ईद की नमाज पढ़ाई। क्षेत्र के सोहनपुर, रामपुर बुजुर्ग, दास नरहियां, इंगुरी सराय, प्रतापपुर, ठाकुरपुर, खुरवसियां, पिपरा बघेल,नेऊरहा, छपिया मिश्र, टड़वा, सरयां, निशनिया पैकौली, घांटी बाजार, बलुआ अफगान, खामपार, बड़का गांव, मेहरौना, भठवां तिवारी, ततायर बुजुर्ग, बखरी,बंगरा, नोनार कपरदार, सिकटियां, विशुनपुरा, टिकमपार, गौतमा आदि गांवों में स्थित मस्जिदों व ईदगाहों में ईद की नमाज अदा की गई।