सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के गोपालपुर गांव में खिड़की का काटा गया ग्रील
कोतवाली क्षेत्र के अलग-अलग गांव में हुई घटना
सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का बारिकी से किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। कोतवाली क्षेत्र के अलग-अलग गांव में बुधवार रात चोर गांव के प्रधान समेत पांच लोगों के घरों को निशाना बनाया। जंगला और खिड़की तोड़कर चोर 55 हजार नकद समेत सात लाख से अधिक का सामान उठा ले गए। कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर दी है। आरोप है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और पुलिस इसे लेकर गंभीर नहीं है। चोरी के मामलों में पुलिस ने केस दर्ज करने से हीलाहवाली कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के टेकनपुरा गांव में मंजू देवी पत्नी वीरेंद्र प्रसाद दो नाबालिग बेटियों के साथ बुधवार रात भोजन कर सोई गईं। आधी रात के बाद चोर पीछे से जंगला तोड़कर घर में रखे कीमती सामान चुरा ले गए। इसमें पांच नग सोने के आभूषण तथा 15 हजार रुपये नकद शामिल है। इसी तरह बगल में स्थित संतोष कुमार पुत्र श्रीराम अवतार के घर की खिड़की तोड़कर चोर घुस गए और घर में रखे करीब पांच लाख रुपये के गहने तथा 40 हजार रुपये नकद उठा ले गए। संतोष कुमार ने पुलिस को बताया कि पिछले माह उनकी बेटी की शादी हुई थी। उसका पूरा आभूषण घर पर ही रखा गया था। चोरों ने तीसरी घटना को अंजाम गांव के दुलारी देवी पत्नी सुबाष यादव के घर में दिया। यहां से दो नग सोने के आभूषण तथा कुछ कीमती सामान चुरा ले गए। इसके बाद चोर गांव के प्रधान दुर्गेश यादव के घर चोरी के लिए पहुंचे, लेकिन वहां उनके हाथ पिलास और रिंच ही लगा। प्रधान के परिवार के लोगों के जगने की आहट पाकर चोर भाग निकले और बगल के गांव गोपालपुर पहुंचकर रामनारायण कुशवाहा पुत्र बल्ली कुशवाहा के यहां घर में दरवाजा न होने के चलते अंदर घुस गए और तीन नग आभूषण तथा अन्य कीमती सामान समेट ले गए। पीड़ितों ने बृहस्पतिवार सुबह सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। कोतवाल गोपाल पांडेय मौके पर पहुंचे और घटनास्थल को बारीकी से देखा। पीड़ितों से जल्द घटना के पर्दाफाश की बात कही। पीड़ितों का आरोप है कि पुलिस की निष्क्रियता के चलते लगातार क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। पुलिस कार्रवाई के बजाय पीड़ित परिवार को ही कोसने में लगी हुई है। कोतवाल गोपाल पांडेय ने बताया कि चोरी की सूचना पर पुलिस घटनास्थल की जानकारी लेने गई थी, लेकिन कोई अहम सुराग हाथ नहीं लगा। मामले की छानबीन की जा रही है।