चोरों ने बैग के अंदर से सामान चोरी कर कड़े और बैग बाहर खेत में फेंक दिए
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
क्षेत्र के बेलवा बाबू गांव में छत के रास्ते मकान के अंदर दाखिल हुए चोरों ने मंगलवार की रात एक लाख तीस हजार नकदी समेत पांच लाख के आभूषण व कीमती सामान उड़ा लिया। बुधवार सुबह उठने पर घर की हालत देख परिजन चिल्लाने लगे। शोर सुनकर जुटी भीड़ ने गांव के बाहर छोटी गंडक नदी के किनारे सामानों के खाली बैग देख इसकी जानकारी पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस परिजनों से मिले तहरीर के आधार पर जांच में जुट गई है। जांच में गांव में लगे एक सीसीटीवी फुटेज में दो बाइक पर सवार कुछ संदिग्ध दिखे हैं। बेलवा बाबू गांव निवासी भीम शाही किसान है। वह किसानी के अलावा छोटा व्यवसाय कर परिवार की परवरिश करते हैं, जबकि उनके बड़े भाई अर्जुन शाही परिवार के साथ देवरिया रहते हैं।
मंगलवार की रात भीम व उनकी पत्नी भोजन के बाद हाल में सो गए। आधी रात को छत के रास्ते मकान में घुसे चोरों ने बारी-बारी से कमरों का दरवाजा खोल एक लाख 30 हजार नकदी व करीब पांच लाख से ज्यादा के जेवर और कीमती सामान लेकर चले गए। मामले की जांच में जुटी पुलिस को एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरा में दो बाइक पर चार की संख्या में संदिग्ध आते-जाते दिखे हैं।
भाटपाररानी के क्षेत्राधिकारी शिव प्रताप सिंह ने बताया कि बेलवा बाबू गांव में चोरी की वारदात की जानकारी मिली है। पुलिस की जांच में कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं साथ ही सीसीटीवी फुटेज में भी बाइक सवार संदिग्ध देखे गए है। इसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रहे है।