देवरिया। गौरी बाजार-रुद्रपुर मार्ग पर एक ही रात में चोरों ने चार घरों के दरवाजों के ताला तोड़कर चोरी का प्रयास किया। तीन घरों में चोर असफल रहे, जबकि एक घर से दस हजार रुपये नकद सहित लाखों रुपये के जेवर उड़ा दिए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
गौरीबाजार-रुद्रपुर मार्ग पर ब्लॉक मोड़ से आगे ग्राम पथरहट की सीमा में बसंती देवी पत्नी जगदीश यादव के मकान के गेट का ताला तोड़कर चोर कमरे में घुस गए। उमस भरी गर्मी के कारण परिवार के लोग बरामदे में सो रहे थे। मकान के भीतर घुसे चोरों ने आलमारी में रखे सामानों को बिखेर दिया और घर में रखा बाक्स उठा कर बाहर लेकर चले गए। परिवार के सदस्यों ने बताया कि आलमारी व दो बाक्स का ताला तोड़कर चोर सास, बहू व कुछ दिन पूर्व ससुराल से मायके में आई पुत्री के कान के सोने के झुमके, दो मंगलसूत्र, पाजेब व पशु खरीदने के लिए घर में रखा 10 हजार रुपये नकद उठा ले गए। इसी रात चोरों ने इसके आस-पास के मकानों को भी खंगाला। अशोक मद्धेशिया पुत्र कन्हैया लाल, सुदामा यादव पुत्र स्व. सुक्खन व हरेराम यादव पुत्र भगवती के भी मकान का ताला तोड़ चोरी का प्रयास किया गया। पर परिवार के सदस्यों के जगने की आहट पाकर चोर भाग निकले। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। बसंती देवी ने तहरीर दी है। थानाध्यक्ष राजू सिंह ने बताया कि चोरी की घटना की जांच की जा रही है।