- लार थाना क्षेत्र के हरखौली की है घटना
- कमरे में ताला बंद कर गृह स्वामी परिवार के साथ सो रहे थे दुकान में
- चोरी की वारदाता के बाद गांव में दहशत का माहौल कायम
संवाद न्यूज एजेंसी
चनुकी। लार थाना क्षेत्र के एक गांव में चोर मकान में अंदर घुस कर एक कमरे का ताला तोड़ कर बॉक्स में रखी नकदी, गहने समेत अन्य सामान उठा गए। बगल के कमरे में सो रही महिला सुबह में आंगन में गई तो फाटक खुला देख उसके होश उड़ गए। कमरे के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। यह देख महिला और उसके परिजनों के शोर करने पर अगल-बगल के लोग पहुंचे। सूचना पर रात में डायल 112 पुलिस पहुंच कर जांच की।
लार थाना क्षेत्र के हरखौली गांव निवासी संतोष जायसवाल पुत्र श्यामसुंदर का मकान गांव में उत्तर की तरफ है। मकान में दो कमरे और आंगन है। मकान मालिक रात करीब 10 बजे खाना खाकर परिवार के साथ एक कमरे में सो गए। रात में चोर घर में प्रवेश कर गए और एक कमरे का ताला तोड़ कर बॉक्स में रखी सोने की सिकड़ी, चार मंगलसूत्र, नाक का दो खिल, सोने का झाला, एक टॉप्स व नकद 10 हजार रुपये सहित कुल करीब दो लाख रुपये का सामान उठा ले गए।
चोर मकान से सटे संजय जायसवाल के घर के एक कमरे का ताला तोड़ अंदर घुसे, लेकिन कुछ नहीं ले जा सके। मकान मालिक घर पर ताला बंद कर परिवार के साथ मुंबई रहते हैं। सुबह पुलिस मौके पर पहुंच कर बगल के एक घर में लगे सीसीटीवी की फुटेज देखने गई तो वह चालू नहीं था। संतोष जायसवाल ने लार थाने में तहरीर दी है।
सीओ दीपक शुक्ला ने बताया कि चोरी की वारदात की जानकारी मिली है, पुलिस जल्द घटना का खुलासा कर देगी।