देवरिया जनपद के लार नगर कस्बा गांधी मार्केट के समीप रविवार को एक चोर व्यवसायी की खड़ी बाइक की डिग्गी में रखे चार लाख पचास हजार रूपये लेकर फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस सीसीटीवी फुटेज निकाल कर घटना की जांच में जुट गई है। सरेराह हुई घटना से बाजार में हड़कंप मच गया।
बरहज थाना क्षेत्र के पैना निवासी अजय पांडेय बरहज बाजार की एक एजेंसी पर रहकर काम करते हैं। वह रोज की तरह दोपहर बाद व्यवसायियों से बकाया रकम की वसूली कर डिग्गी में रख लार पहुंचे। यहां गांधी मार्केट के समीप एक दुकान के सामने बाइक खड़ी कर यहां के व्यवसायियों से बकाया रुपये वसूली करने लगे। कुछ देर बाद रूपये रखने के लिए डिग्गी खोली तो देखा कि रखे हुए चार लाख पचास हजार रूपये गायब हैं। यह देख उनके होश उड़ गए।
घटना की जानकारी पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज निकाल आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी थी। एसओ नवीन चौधरी ने बताया कि घटना संज्ञान में है। सीसीटीवी फुटेज निकाल चोर की तलाश की जा रही है।