भटनी। नगर में जाम की समस्या गंभीर होती जा रही है। रविवार को रामलीला मैदान से लेकर चूड़ी गली तक भारी जाम लगने से लोग परेशान रहे। स्थिति इतनी खराब रही कि न तो पैदल चलने वालों को रास्ता मिल पा रहा था और न ही वाहनों को निकलने की जगह मिल पा रही थी। काफी मशक्कत के बाद जाम पर काबू पाया गया। इसके अलावा नगर के पक्का पुल पर भी जाम की स्थिति से गुजरना पड़ रहा है। ऐसा दुकानों के सामने वाहन खड़ा करने से हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या रोजाना की हो गई है, लेकिन नगर पंचायत और स्थानीय पुलिस इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। जाम के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों, ऑफिस जाने वाले कर्मचारियों, ट्रेन पकड़ने जाने वाले यात्री और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के लिए जल्द से जल्द प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि आमजन को इस मुसीबत से राहत मिल सके। ईओ अमित सिंह ने बताया कि जाम की समस्या से निपटने के लिए व्यापार मंडल के साथ लगातार बैठक की जा रही है।