गड़ेर। क्षेत्र के परसियां ओझा गांव में अधिकांश घरों के छत से होकर नंगा बिजली का तार गया हुआ है, जिससे कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। घरों के ऊपर से तारों के गुजरने से गर्मी के मौसम में भी लोग छतों पर जाना मुनासिब नहीं समझते हैं। शिकायत के बाद भी तारों को शिफ्ट न कराए जाने से लोगों में नाराजगी है। खुखुंदू विद्युत उपखंड कार्यालय से परसियां ओझा गांव को आपूर्ति दी जाती है। राजेश्वर ओझा, रामइकबाल, सनवारी, रामजियावन आदि का कहना है कि विभाग की ओर से बिजली आपूर्ति के लिए गांव में तार दौड़ाया गया है। लोगों का यह भी कहना है कि विभाग की लापरवाही और बिना नक्शा के अधिकांश लोगों के छत से बिजली के तार दौड़ा दिए गए हैं, जो हाथ ऊपर करने से करंट की चपेट में आ जाएंगे। खतरे को लेकर विद्युत निगम कार्यालय पर शिकायत भी की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। जेई खुखुंदू ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। पता कराता हूं। संवाद