बेटी की शादी के लिए तैयारी में लगा था एक परिवार, रामपुर कारखाना के नौतन हथियागढ़ गांव का है मामला
पहले हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा न होना पुलिस के लिए बना चुनौती
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। नौतन हथियागढ़ गांव में शनिवार रात पांच घरों में पांच लाख रुपये के जेवर और नकदी चोरी हो गई। एक परिवार में बेटी की शादी थी। सारी गाढ़ी कमाई चोर उठा ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच-पड़ताल की। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की घटनाओं का खुलासा नहीं होने की वजह से चोरों के हौसले बुलंद हैं।
रामपुर कारखाना थानाक्षेत्र के नौतन हथियागढ़ गांव में शनिवार रात मुनेश्वर मद्धेशिया के घर के लोग भोजन करके छत पर सो रहे थे। चोर दरवाजे का ताला तोड़कर किसी समय घर में दाखिल हो गए। भैंस बेचकर रखे 65 हजार नकदी, ज्वेलरी सहित करीब चार लाख रुपये का सामान चुरा ले गए। मुनेश्वर के बेटी की शादी तय थी। इसलिए ज्वेलरी आदि खरीद कर रखा गया था। दूसरी वारदात राजेश्वर दीक्षित के घर में हुई। उनके भी घर का ताला तोड़कर चोर घर में घुस गए। छह सुटकेश उठा ले गए। एक सुटकेश में पांच हजार रुपये नकद था। नकदी सहित करीब 50 हजार का सामान चोर उठा ले गए। गोरख पटेल के घर के बरामदे में रखी दो साइकिलों का ताला तोड़कर उसे भी उठा ले गए।
वहीं, गांव के पप्पू पांडेय के घर पीछे के रास्ते सेंधमारी की लेकिन चोरी करने में सफल नहीं हो। उसके बाद जैनुद्दीन अंसारी के घर भी पहुंचे। लेकिन तब तक गांव के लोग जाग गए। अपने को घिरते देख चोर भाग निकले। सीओ श्रीयश त्रिपाठी ने बताया कि नौतन हथियागढ़ गांव में चोरी की घटनाएं हुई हैं। छानबीन की जा रही है। चोर बहुत जल्द पकड़ लिए जाएंगे।
-
चोरी की बड़ी घटनाओं का पुलिस नहीं कर पा रही खुलासा
देवरिया। नौतन हथियागढ़ गांव से करीब दो किलोमीटर की दूरी पर सेमरी और पौहारी छापर दो गांवों में पांच बड़ी चोरियां हुई थीं। लेकिन, पुलिस अभी तक एक का भी खुलासा नहीं कर सही। बेलवा बाजार के सेमरहिया में भी एक घर में पांच लाख से ऊपर की चोरी हुए करीब चार माह हो गए। पुलिस अभी तक सुराग भी नहीं लगा सकी। बढ़ रही चोरी की घटनाओं से भयभीत लोगों का कहना है कि मामलों में पुलिस की निष्क्रियता की वजह से आए दिन चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं।
चोरी गई मूर्ति अभी तक बरामद नहीं
डुमरी एखलास मंदिर से 25 नवंबर की रात को राम, सीता लक्ष्मण की मूर्तियां चोरी हुई थी। एक माह बाद लक्ष्मण की मूर्ति एक तालाब में किशोर के देखकर शोर मचाने पर मिली। राम और सीता की मूर्ति अभी तक बरामद नहीं हुई।
पांच दुकानों में हुई थी चोरी
रामपुर गौनरिया चौराहा पर पांच दुकानों में छह माह पहले हुई चोरी का खुलासा नहीं हुआ। बलटीकरा चौराहा पर भी बीएस एनएल मोबाइल टावर पर चोरी हुई थी।
45 दिन बाद भी 37 लाख की चोरी का नहीं हो सका पर्दाफाश
सजाव गांव में एक ही रात तीन घरों को चोरों ने बनाया था निशाना
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया । एक ही रात तीन घरों में हुई 37 लाख की चोरी के मामले में 45 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है। पीड़ित व्यक्ति बृहस्पतिवार को इंस्पेक्टर से मिलकर घटना का खुलासा करने की मांग की है। लार थाना क्षेत्र के संजाव गांव में 19 जून की रात चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाकर 37 लाख की चोरी कर ली। गांव के डॉ. अजय कुमार दुबे का परिवार उमस भरी गर्मी की वजह से छत पर सोया था। चोरों ने घर के पूरब से जंगला का ग्रिल खोलकर एक कमरे से गहना और नकदी सहित लगभग 15 लाख रुपये का सामान उठा ले गए। बगल में राजेश दुबे पुत्र कृपासिंधु दुबे की दो मंजिला मकान है। घर के लोग नीचे हाल में सोए थे। चोरों ने दो मंजिला कमरे के जंगला का ग्रिल खोलकर अंदर प्रवेश कर गए और गहना नकदी मिलाकर करीब 20 लाख रुपये का सामान उठा ले गए। इसी रात कृष्णा गुप्ता के घर में घुस कर चोर करीब दो लाख रुपये का सामान चुरा लिए थे। एक ही रात हुई चोरी की घटना में अजय सहित अन्य लोगों की तहरीर पर पुलिस चोरी का केस तो दर्ज कर ली, लेकिन घटना के 45 दिन बाद भी पुलिस खुलासा नहीं सकी है । पीड़ित अजय दुबे ने इंस्पेक्टर राहुल कुमार सिंह से मुलाकात कर जानकारी ली तो उन्होंने कहा कि मामले में पुलिस टीम लगी है। जल्द ही खुलासा होगा।