धरमेर गांव के दो घरों में चोरी
पीड़ित बोले, 20 लाख के जेवरात, सामान और नकद उठा ले गए चोर
संवाद न्यूज एजेंसी
लार रोड। मईल थाना क्षेत्र के धरमेर गांव में सोमवार रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया। कमरे में रखे जेवरात सहित अन्य सामान उठा ले गए। एक ही रात दो घरों में हुई चोरी से ग्रामीणों में दहशत है। पीड़ितों के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत 20 लाख रुपये से अधिक है। बरहज सीओ अंशुमान श्रीवास्तव ने मौके पर पहुंचकर पीड़ितों से बात की और चोरों को जल्द पकड़ने का आश्वासन दिया।
धरमेर गांव निवासी जनार्दन तिवारी के घर के लोग सोमवार की रात खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चले गए। सुबह जब घरवालों की नींद खुली तो घर के एक कमरे का दरवाजा खुला पाया। अंदर जाकर देखे तो उनके होश उड़ गए। जनार्दन ने बताया कि कमरे में रखा मंगलसूत्र, चेन, अंगूठी, झुमका, कंगन, पायल, नथिया, मांगटिका, छोटे बच्चों की चेन और करीब 26 हजार नकदी सहित अन्य सामान गायब थे।
वहीं, गांव के ही केश कुमार कुशवाहा पुत्र शिवबचन कुशवाहा के घर से भी चोर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात सहित अन्य सामान लेकर फरार हो गए। चोरों ने गहनों का खाली बॉक्स अरहर के खेत में फेंक दिया था, जो सुबह खोजबीन के दौरान मिला। दोनों पीड़ितों ने बताया कि उनके घर से चोरी गए कुल सामान की कीमत 20 लाख के आसपास है। इस बाबत एसओ मईल संदीप सिंह ने बताया कि चोरी की घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस गई थी। जांच की जा रही है। जल्द ही पर्दाफाश कर दिया जाएगा।