-लगातार तीन दिनों में चोरों ने चोरी की घटित हुई थी घटना
-दो बंद तो एक घर में परिजनों के सोने के बाद चोरी की घटना को दिया था अंजाम
-पुलिस जांच की बात कहते हुए शीघ्र खुलासे की कह रही बात
-एक के बाद एक तीन चोरी की घटना के बाद सहमे शहरवासी
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। शहर में चोरी की वारदातें बढ़ गई है। तीन दिनों में चोरों ने तीन स्थानों पर दस्तक देकर पुलिस गश्त की पोल खोल कर रख दी है। पुलिस सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है। हालांकि अभी तक पुलिस को सुराग हाथ नहीं लगा है। पुलिस अधिकारी जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर देने का दावा कर रहे हैं।
जिले में कई माह से चोरी की वारदातों पर विराम लग गया था, लेकिन अब लगातार तीन दिनों में तीन घरों को निशाना बना लिया।शनिवार को सोंदा में क्षेत्र के अगस्तपार निवासी बिंदू यादव पत्नी लक्ष्मण यादव शनिवार की रात रात करीब दो बजे के बाद चोर घर के बगल में नीम के पेड़ के सहारे छत पर चढ़कर आंगन में उतर गए और बगल के कमरे में रखी आलमारी के लॉकर तोड़ कर उसमें रखे गहने, 50 हजार रुपये चोरी कर फरार हो गए।
इस मामले की पुलिस जांच कर ही रही थी कि रविवार को सोंदा में दूसरे दिन चोरों ने उत्पात मचाया। चोरों ने सेवानिवृत्त एओ के बंद घर से 25 लाख की चोरी की थी। पीड़ित गृह स्वामी एकौना थाना क्षेत्र के सरावें में अपने पैतृक गांव पर छोटे भाई की करंट की चपेट में आने के चलते रुके थे। इधर सुनसान घर देख चोरों ने उसे अपना निशान बना लिया। चोर करीब 25 लाख के गहने ले गए।
पुलिस इन दोनों घटनाओं का खुलासा करती। इसी बीच चोरों ने देवरिया खास के वरई टोला बघौचघाट के कोइरी पट्टी गांव निवासी संजय सिंह पिता बृजनंदन सिंह के घर को चोरों ने निशाना बना लिया। वह इस समय बिहार के भागलपुर में तैनात हैं। उन्होंने शहर के देवरिया खास के बरई टोला में मकान बनाया है। जहां उनकी पत्नी बच्चों के साथ रहती हैं। जुलाई में वह छुट्टी पर घर आए। इधर बच्चों की भी छुट्टी चल रही थी। वह परिवार सहित गांव चले गए। मंगलवार की सुबह वह परिवार के साथ अपने मकान पर पहुंचे। घर की हालत देख उनके होश उड़ गए। चोरों ने आर्मी के जवान के घर को निशाना बना लिया था। चोरों ने मकान के चार कमरों में से दो कमरों का ताला तोड़ एक-एक सामान की बारीकी से जांच की थी और 70 हजार नकदी और पांच लाख रुपये के गहने चोरी कर लिए।
दो कमरों का ताला नहीं खुलने पर चोरों ने दरवाजे को जलाने का भी प्रयास किया। मकान मालिक के मुताबिक चोरी की घटना उनके घर जाने व लौटकर आने वाली तिथि के बीच की है। मकान बंद देख चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। इधर, लगातार तीन दिनों में तीन चोरियों के बाद जिलेवासियों में हड़कंप मच गया। पुलिस का दावा है कि पुलिस जल्द से जल्द चोरी की घटना का खुलासा कर देगी।
-
कोट
चोरी की घटना के बाद पुलिस एक्शन मूड में है। चोरी की घटना रोकने व पर्दाफाश करने के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। जल्द ही टीमें चोरी की घटना का उद्भेदन कर देगी।
-संजय कुमार रेड्डी, सीओ सिटी, देवरिया
-
इनसेट में
फाॅरेंसिक टीम को नहीं मिली कोई विशेष सफलता, पुलिस जांच में जुटी
एकौना थाना क्षेत्र के सरावें गांव निवासी जिला पंचायत के रिटायर एओ सुशील कुमार शुक्ला देवरिया आईटीआई के निकट सोंदा में रहते थे। तीन जुलाई को रुद्रपुर के सरावें में छोटे भाई अरविंद शुक्ल के दो लड़के अनिकेश व आयुष के जनेऊ में सम्मिलित होने परिवार के साथ गांव गए थे। ब्रह्मभोज संस्कार भी नहीं बीता था कि रविवार की रात चोरों ने सोंद स्थित उनके घर को निशाना बना लिया। चोर घर के बगल से चाहरदीवारी फांद कर अंदर प्रवेश किए। चोर करीब पच्चीस लाख रुपये के गहने लेकर मुख्य दरवाजे से बालकनी के रास्ते निकल गए। सोमवार की सुबह पड़ोसियों ने देखा कि घर का दरवाजा खुला देख गृहस्वामी को सूचना दी। मौके पर सीओ सिटी, कोतवाल व फाॅरेंसिक टीम ने पहुंचकर जांच की थी। जांच में कुछ हासिल नहीं हो सका। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस लगातार चोरी मामले की जांच में जुटी हुई है। जल्द ही इसका पटाक्षेप कर दिया जाएगा।