रेडीमेड गारमेंट की दुकान से कपड़े और नकदी चोरी
भागलपुर। कस्बे में शनिवार रात रेडीमेड कपड़े की दुकान का ताला तोड़कर कीमती कपड़े और नकदी चोरी हो गए।
लार थाना क्षेत्र के भेवली गांव निवासी कुंदन गुप्ता और चंदन गुप्ता भागलपुर पिंडी रोड पर शीतला माता मंदिर के सामने अपने मकान में कपड़े की दुकान का शुक्रवार को शुभारंभ किया था। शनिवार को रात आठ बजे दोनों भाई दुकान बंद कर घर चले गए। रविवार सुबह जब दुकान खोलने आए तो दुकान का ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए। अंदर कपड़े बिखरे मिले और काउंटर खुला था। दुकान से कीमती साड़ी, जिंस और काउंटर में रखे चार हजार रुपये नहीं थे। इसकी सूचना दोनों भाइयों ने मइल पुलिस को दी। थाना प्रभारी प्रमोद सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है, केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।