दो मकानों, एक दुकान से लाखों रुपये की चोरी
तिलई बेलवा और दानोपुर के घरों में हुई चोरी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनूघाट। सदर कोतवाली क्षेत्र के तिलई बेलवा और दानोपुर के दो घरों से मंगलवार की रात में लाखों रुपये के जेवरात आदि सामान चोर उठा ले गए। वहीं, एक दुकान का शटर तोड़कर चोर नकदी चुरा ले गए। इन मामलों में पुलिस को तहरीर दी गई है।
बरहज थाना क्षेत्र के विशुनपुरा निवासी नागर नाथ तिवारी आईटीआई के पीछे मकान बनवा कर करीब पांच वर्षों से सपरिवार रहते हैं। मंगलवार को पूरा परिवार पैतृक गांव विशुनपुरा चला गया था। इसी दौरान चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर आलमारी में रखे जेवरात व लैपटॉप तथा 25 हजार रुपये लेकर चंपत हो गए। बुधवार की सुबह करीब सात बजे गृहस्वामी की पत्नी संध्या तिवारी बच्चों के साथ पहुंचीं तो घर व कमरे का ताला टूटा देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने घटना की जानकारी 112 नंबर पर पुलिस को दी।
इसी तरह उनके मकान से थोड़ी दूर स्थित दानोपुर निवासी हेमलता पत्नी इंद्रजीत के घर से चोर करीब तीन लाख रुपये के जेवरात व 22 हजार रुपये उठा ले गए। जबकि इसी रात एक लोहे की गुमटी में सामान बेच कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले तिलई बेलवा गांव निवासी रामगती की दुकान का ताला तोड़कर करीब छह हजार रुपये नकद चुरा ले गए।
सुबह घटना की जानकारी होने पर सभी लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीओ श्रीयश त्रिपाठी ने बताया कि सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है।