लग्जरी वाहन से चुरा ले गए बकरी, सीसीटीवी में कैद हुई घटना
रुद्रपुर। नगर में पशु चोरी की बढ़ती घटनाओं के बीच सोमवार को लग्जरी वाहन से दो युवक बकरी चुरा कर भाग निकले। घटना चौराहे पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई।
नगर के मलहटोली वार्ड निवासी जाबिर अली की बकरी सोमवार को पश्चिमी बाईपास के किनारे चरने गई थी। उन्होंने तहरीर में बताया है कि सड़क के किनारे लग्जरी वाहन रुका। कुछ देर बाद गाड़ी से दो युवक उतरे और उनकी बकरी को लेकर निकल गए। चोरी की घटना दुकान के सीसीटीवी में कैद हो गई। पीड़ित के अनुसार, बकरी की कीमत करीब बीस हजार रुपये है। उन्होंने पुलिस से जांच कर कार्रवाई की मांग की। इससे पूर्व नगर के पूर्वी बाईपास से दो सप्ताह में चोर चार भैंस चोरी कर चुके है। पशुओं की चोरी से पशुपालकों में भय है। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही चोर पकड़े जाएंगे।