युवक ने फांसी लगाकर जान दी
जानकारी होने पर पहुंचे परिवारवालों का रो-रोकर बुरा हाल
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। सदर कोतवाली के साकेतनगर पूर्वी मोहल्ले में एक युवक ने बुधवार की रात फांसी लगाकर जान दे दी। जानकारी होने पर मृतक के बाबा ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई की। साकेतनगर पूर्वी मोहल्ला निवासी परमात्मा तिवारी ने सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि मैं अपने पैतृक गांव चला गया था। मेरा पोता विपुल तिवारी (19) अपनी मां के साथ घर पर था। बुधवार की रात वह बिना किसी को बताए घर में रस्सी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर लिया। इस बात की जानकारी बृहस्पतिवार की सुबह हुई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारा। उसके कमरे में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। जिससे कि मौत की वजह का पता चल सके। वैसे बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर विपुल कुछ दिनों से अवसाद में था। इस कारण उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाया है। विपुल की मौत से परिवारवालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इस बाबत सदर कोतवाल अरुण मौर्य ने बताया कि फांसी लगाकर युवक ने जान दे दी है, आवश्यक कार्रवाई की गई है।