देवरिया शहर के एक युवक की फेसबुक के जरिए उड़ीसा की एक महिला से दोस्ती हो गई। युवक उसके पास पहुंचा और उसे अपने साथ लेकर चला आया। महिला के परिजन उसे ढूंढते हुए युवक के घर पहुंच गए। मामले में महिला के पुत्र ने तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस ने महिला के पास से करीब 30 लाख रुपये का जेवर और दो लाख रुपये नकद बरामद किया है। जबकि आरोपी युवक को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
शहर के एक मोहल्ला निवासी विकास मणि की फेसबुक के जरिए उड़ीसा के तल्चर निवासी एक महिला से दोस्ती हो गई थी। दोनों के बीच आए दिन मोबाइल से घंटों बातचीत होती रही। विकास मणि 24 मई को अपने निजी साधन से महिला के घर के पास पहुंच गए और उसे यहां लेकर चले आए।
दो बच्चों की मां के गायब होने के बाद उसके बेटे उसकी तलाश में जुट गए। उसके पुत्र ने उड़ीसा के अंगुल जनपद के तल्चर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद परिजन मोबाइल काल डिटेल के जरिए पता लगाने लगे। इस पर पता चला कि महिला की लंबी वार्ता विकास मणि से हो रही है।
वह देवरिया पहुंच गए और विकास मणि के घर चले गए, वहां पहुंचने पर महिला मिल गई। आरोप है कि महिला के परिजनों की पिटाई भी की गई है। इस पर वह शाम को कोतवाली पहुंचे और घटना की तहरीर दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला और विकास मणि को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने महिला के पास से करीब 30 लाख रुपये का जेवर और दो लाख रुपये नकदी बरामद किया है, जो विकास मणि के झांसे में आकर घर से लेकर आई थी। महिला के परिजनों का आरोप है कि युवक ने अपने अविवाहित होने का झांसा दिया था और जालफरेब में फंसा कर उसे लेकर चला आया है।