तरकुलवा। कुछ दिन पूर्व अपने पति को छोड़ प्रेमी के साथ गई महिला पति के पास घर लौटी आई। इससे नाराज पट्टीदारों ने महिला व उसके पति की पिटाई कर दी। दोनों की हालत गंभीर होने पर आसपास के लोगों ने सीएचसी तरकुलवा भेजवाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
तरकुलवा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली दो बच्चों की मां कुछ दिन पूर्व थाने में हुई पंचायत के बाद अपने प्रेमी के साथ चली गई थी। कुछ दिन रहने के बाद वह वापस अपने पति के घर लौट आई। पति भी बच्चों का मुंह देखकर उसको अपना लिया, लेकिन यह बात उसके पट्टीदारों को नागवार लगी। वे कहने लगे कि यदि यही हाल रहा तो हम लोगों के बच्चों पर भी इसका असर पड़ जाएगा। इस बात को लेकर पट्टीदारों ने देर शाम महिला और उसके पति की पिटाई कर दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोग दोनों को सीएचसी तरकुलवा पहुंचाए और इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस इलाज करा रहे पति-पत्नी से तहरीर लेकर कार्रवाई में जुट गई है। थाना प्रभारी दिलीप सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। तहरीर मिली है, मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।