देवरिया। डीएम के आदेश पर तोड़ी गई बाउंड्री का निर्माण कराने पहुंची सेना में हवलदार की पत्नी की भू माफिया ने पिटाई कर दी। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद अफसर सख्त हुए। एडीएम प्रशासन के आदेश पर तहसीलदार के नेतृत्व में पहुंची टीम की मौजूदगी में बाउंड्री का निर्माण कराया गया।
सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के महदहा बाग गांव निवासी बरजरंग बली सेना में हवलदार हैं। इनकी पत्नी बीना देवी बच्चों को लेकर लखनऊ में रहती हैं। कुछ साल पूर्व हवलदार ने सलेमपुर नगर के सुगही वार्ड में छह डिसमिल जमीन बैनामा लेकर बाउंड्री कराया था। अवैध तरीके से प्लाटिंग कर लोगों को जमीन बेचने के बाद भू माफिया ने हवलदार की बाउंड्री तोड़कर रास्ते का निर्माण करा दिया। एक माह पूर्व जब बीना देवी लखनऊ से अपनी जमीन देखने गईं तो बाउंड्री को तोड़कर रास्ता बना दिया गया गया था। पीड़ित ने इसकी शिकायत सलेमपुर कोतवाली और तहसील प्रशासन से की। लेकिन एक दूसरे का मामला बताकर जिम्मेदार टरकाते रहे।
कुछ दिन पूर्व एसडीएम के आदेश पर नायब तहसीलदार भागीरथी सिंह के नेतृत्व में पहुंची राजस्व टीम ने पैमाइश की और बीना देवी को रास्ते की जमीन छोड़कर निर्माण कराने को कहा। बीना देवी दोबारा डीएम से मिलीं और पैमाइश करने वाली टीम पर भू माफिया से मिलीभगत का आरोप लगाते हुए जबरन सादे पेज पर हस्ताक्षर कराने की बात कही। डीएम अखंड प्रताप सिंह ने मामले को पता करने के बाद महिला को निर्माण कराने का आदेश दिया और मामले को उलझाने वाले सलेमपुर के ईओ को फटकार लगाई।
शुक्रवार को जब बीना देवी निर्माण कराने पहुंचीं तो कुछ महिलाओं और पुरूषों ने उनकी पिटाई कर दी। वीना डीएम से इसकी शिकायत की। सोशल मीडिया पर हवलदार की पत्नी की पिटाई का वीडियो भी वायरल हो गया। डीएम के आदेश पर शनिवार को एडीएम प्रशासन सलेमपुर तहसील में पहुंचे। तहसीलदार अल्का सिंह के नेतृत्व में टीम गठित किया। मौके पर पहुंची टीम की मौजूदगी में बीना की तोड़ी गई बाउंड्री का निर्माण कराया गया। पूरे दिन सलेमपुर नगर पंचायत के ईओ वहां मौजूद रहे। बीना का आरोप है कि अफसरों के जाने के बाद ईओ ने धमकी दी।
मोहल्ले वालों ने किया विरोध
शुक्रवार की देर रात कोतवाली पुलिस ने मौके पर खड़े होकर आठ फीट सड़क छोड़कर जेसीबी से नींव खोदवाई। इसके बाद शनिवार की दोपहर तहसीलदार अलका सिंह, नायब तहसीलदार डॉ. भागीरथी सिंह मौके पर पहुंचे और आठ फीट पर दीवार चलवा दी। इसको लेकर मोहल्ले की महिलाओं ने विरोध किया, कहा कि निर्माण से रास्ता पतला हो जाएगा। तहसीलदार अलका सिंह ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर मौके पर गए थे।
स्थानीय स्तर के कुछ कर्मचारियों की लापरवाही से सेना के हवलदार को जमीन पर कब्जा नहीं मिल पा रहा था। टीम गठित कर तोड़ी गए बाउंड्री का निर्माण करा दिया गया। मौके पर पूरे दिन कर्मचारी मौजूद रहे। इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई। पिटाई के मामले में महिला अगर तहरीर देगी तो कार्रवाई की जाएगी। लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों को चेतावनी दी गई है।-गौरव श्रीवास्तव एडीएम प्रशासन