महिला के पिता की तहरीर पर चौकीदार पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज
घायल महिला का गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है इलाज
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। आपसी विवाद के बाद ससुराल में पहुंच कर कोतवाली के एक चौकीदार ने अपनी पत्नी को गोली मार दी। बृहस्पतिवार की देर रात घटना के समय पत्नी सो रही थी। गोली की आवाज सुनकर लोगों की भीड़ जुट गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों के सहयोग से खून से लथपथ महिला को सीएचसी पहुंचाया, जहां उसे रेफर कर दिया गया। घायल महिला का इलाज मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में चल रहा है। पुलिस ने केस दर्ज कर चौकीदार को गिरफ्तार कर लिया है।
कोतवाली क्षेत्र के बभनौली पांडेय गांव निवासी अरविंद कुशवाहा देवपार गांव का चौकीदार है। उसकी शादी उरदौली गांव के रामाज्ञा कुशवाहा की बेटी ममता कुशवाहा के साथ हुई है। परिजनों के मुताबिक पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद के चलते ममता काफी दिनों से मायके में रहती थी। बृहस्पतिवार की रात करीब 11 बजे अरविंद अपनी ससुराल उरदौली पहुंचा और सो रही पत्नी पर तमंचा से फायर कर दिया। गोली कंधे पर लगी, जिससे वह अचेत होकर गिर पड़ी। आसपास के लोग आधी रात में गोली की आवाज सुनकर दरवाजे पर पहुंच गए। नाराज लोगों ने चौकीदार को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने चौकीदार को हिरासत में लेकर परिजनों की मदद से महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज देवरिया भेज दिया। देर रात को महिला की हालात गंभीर देख डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। उधर पुलिस ने घायल महिला ममता के पिता रामाज्ञा कुशवाहा की तहरीर पर चौकीदार अरविंद कुशवाहा के खिलाफ हत्या के प्रयास के मामले में केस दर्ज किया है। प्रभारी कोतवाल उमेश कुमार बाजपेई ने बताया कि चौकीदार के खिलाफ केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
..........
इंसेट
जल्द ही जेल से छूटा था चौकीदार
आरोपित चौकीदार शुरू से ही चर्चा में रहा है। तीन माह पूर्व आठ अगस्त को सलेमपुर-नवलपुर मार्ग पर अनियंत्रित बाइक होने के चलते सड़क पर गिर गया था। उसके कमर में रखे तमंचा और कारतूस बीच सड़क पर गिरा था। जिसमें पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज कर अगले दिन तमंचा के साथ जेल भेजा गया था।
....
आखिर कौन मुहैया कराता था तमंचा
सलेमपुर। जेल से छूटने के बाद इसके पास एक और तमंचा कहां से और कैसे आया। अगर पुलिस पहले से गंभीरता से ली होती तो शायद यह घटना नहीं होती। लोगों में चर्चा है कि बार बार गलती के बावजूद आखिर पुलिस चौकीदार पर क्यों नही एक्शन ले रही थी। चौकीदार के आड़ में अरविंद अक्सर अपने साथ तमंचा लेकर घूमता रहता था। हालही में तमंचा के बल पर एक महिला के साथ छेड़खानी किया था। जिसमें पुलिस ने केस दर्ज किया था। लेकिन आज भी देवपार गांव के चौकीदार पद पर कायम है।
.....
आरोपी का पिता भी है चौकीदार
सलेमपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र वभनौली पांडेय गांव निवासी रामप्रीत कुशवाहा अपने गांव का चौकीदार है। जबकि उसका बेटा देवपार गांव का चौकीदार है। कोतवाल उमेश कुमार बाजपेई ने बताया कि चौकीदार के निरस्तीकरण की रिपोर्ट भेजी गई थी। तबसे उसका वेतन नहीं आ रहा है।
-
एसपी से दो बार मिलकर शिकायत कर चुकी थी ममता
पिछले माह दो बार एसपी से मिल कर ममता ने पति पर प्रताड़ित करने व धमकी देने का आरोप लगाई थी, लेकिन पुलिस मामले में लापरवाही बरती और कार्रवाई के बजाए समझौता करा दी। इसका मामला न्यायालय में भी लंबित है। कोतवाली पुलिस पति-पत्नी के बीच विवाद को गंभीरता से ली होती तो ममता पर जान लेवा हमला नहीं हुआ होता। इमरजेंसी पर इलाज के दौरान ममता पास में मौजूद दरोगा से बोल रही थी कि जो चाहे करा दिए। अब हमारे बच्चे का क्या होगा।