देवरिया। देवरिया- रुद्रपुर मार्ग पर कोइलगढ़ा गांव के पास एक ट्रक का बीच रास्ते डीजल खत्म हो गया। ट्रक का चालक ट्रक को छोड़कर डीजल लेने चला गया। अंधेरे में बीच रास्ते खड़े ट्रक में पीछे से टकराकर बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। उन्हें अस्पताल पहुंचाया ही गया था कि एक अन्य बाइक सवार भी खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गया। लोगों ने उसे मेडिकल कॉलेज पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सुरौली थाना क्षेत्र के अंशु शाही के रूप में हुई है।
देवरिया- रुद्रपुर मार्ग पर शुक्रवार की देर रात एक ट्रक का तेल बीच रास्ते में समाप्त हो गया। सड़क पर ट्रक खड़ा कर चालक कुछ दूरी पर स्थित पंप पर डीजल लेने चला गया। इस दौरान ट्रक में पीछे से एक ही बाइक से रुद्रपुर से लौट रहे कोइलगढ़ा गांव निवासी किशन गुप्ता (22) और अजय यादव (26) टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने दोनों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।
इसी दौरान रुद्रपुर की एक मॉडल शॉप पर काम करने वाले सुरौली थाना क्षेत्र के सुरौली गांव निवासी अंशु शाही (31) पुत्र स्व. रतन सेन शाही भी रात करीब दस बजे बाइक से घर लौट रहे थे। कोइलगढा के पास खड़े ट्रक में अनियंत्रित होकर घुस गए। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। कुछ राहगीरों ने बाइक के नंबर प्लेट के जरिए जानकारी जुटाकर परिजनों को सूचना दी और उन्हें मेडिकल काॅलेज पहुंचाया, जहां उनकी मौत हो गई। युवक की शादी दो वर्ष पहले हुई थी, पत्नी निधि और मां आशा देवी का रो-रो कर बेहोश हो जा रहीं थीं। छोटा भाई रिशु दुबई में प्राइवेट नौकरी करता है। जबकि पिता की दो माह पहले हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। लोगों ने बताया कि घटना के समय अंशू शाही ने हेलमेट पहन रखा था। इसके बाद भी उनकी जान नहीं बच पाई। डाॅक्टरों के अनुसार सिर में चोट लगने से उनकी मौत हुई है। घटना के बाद काफी संख्या में पोस्टमार्टम हाउस पर जुटे लोग मर्माहत थे।